भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयनुसार दोपहर 3 बजे शुरू होने वाले इस मैच में दोनों ही टीम के पास एशियन चैंपियन बनने का सुनहरा मौका है।
एशिया कप 2023 फाइनल की प्लेइंग इलेवन (साभार-BCCI)
दोनों टीम 8वीं बार एशिया कप फाइनल में भिडे़गी। टीम इंडिया ऑन पेपर जरूर श्रीलंका की तुलना में मजबूत दिखाई दे रही है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर मुकाबले में श्रीलंका ने दिखाया है कि वह किसी भी टीम को हराने में सक्षम हैं। गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी दोनों में श्रीलंका के खिलाड़ियों ने खुद को साबित किया है।
कैसी होगी दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन
इस बड़े मुकाबले में दोनों टीम अपना परफेक्ट प्लेइंग इलेवन उतारना तो चाहती थी, लेकिन ठीक एक दिन पहले दोनों टीम को झटका लगा है। टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल और श्रीलंका के स्टार स्पिन गेंदबाज महीश तीक्ष्णा चोट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में दोनों टीम के प्लेइंग इलेवन की बात करें तो टीम इंडिया में अक्षर के स्थान पर वाशिंगटन सुंदर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। इसके अलावा बांग्लादेश के खिलाफ आराम कर रहे विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह भी प्लेइंग इलेवन में लौटेंगे।
श्रीलंका टीम की बात करें तो महीश तीक्ष्णा के स्थान पर साहन अराचिगे को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। फाइनल जैसे बड़े मौके पर उनको प्लेइंग इलेवन में हिस्सा बनाने की उम्मीद कम है। ऐसे में दुशन हेमंथा को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है।
भारत की प्लेइंग इलेवन-
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन- पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालेग, दुशन हेमंथा, प्रमोद मदुशन, मथीशा पाथिराना।
