तीन वनडे मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा व अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच इससे पहले खेले गए सीरीज के दो वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मेजबान टीम इंडिया ने जीत दर्ज करते हुए सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज टीम इंडिया अपने नाम कर चुकी है और आज वो तीसरा वनडे जीतकर लगातार दूसरी वनडे सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।
कीवी टीम के लिए सीरीज का पहला वनडे मैच थोड़ी राहत देने वाला था जहां हाईस्कोरिंग मुकाबले में वे 12 रन से हारे थे, लेकिन रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में वे बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए थे। उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उनकी पूरी टीम 108 रन पर सिमट गई थी। जबकि भारतीय बल्लेबाजों ने सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए बेहद आसानी से 20.1 ओवर में लक्ष्य हासिल करके सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी। अब मुकाबला मध्य प्रदेश के इंदौर में है, आइए जानते हैं कि आज कैसी हो सकती है पिच और मौसम का हाल।
कैसी हो सकती है इंदौर के होल्कर स्टेडियम की पिच? (IND vs NZ 3rd ODI Pitch Report Today)
आज टीम इंडिया और मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच वनडे सीरीज का अंतिम मैच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। ये एक डे-नाइट मुकाबला है जो कि दोपहर 1.30 बजे शुरू होने जा रहा है ऐसे में ड्यू फैक्टर (ओस) बड़ी भूमिका निभाने वाली है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी ताकि शाम को उसके गेंदबाजों और फील्डर्स को ओस के कारण मुश्किलों का सामना ना करना पड़े। मैदान में बाउंड्री छोटी हैं और आउटफील्ड भी तेज रहने की उम्मीद है इसलिए हैदराबाद की तरफ यहां भी रनों की बारिश की उम्मीद की जा सकती है।होल्कर स्टेडियम में गेंदबाजों में पेसर्स और स्पिनर्स दोनों को मदद मिलने के आसार हैं, खासतौर पर कुलदीप यादव पर नजरें रहेंगी जिन्होंने आखिरी बार 2017 में इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए वनडे मैच में दो विकेट लिए थे। वो मुकाबला भारत ने 294 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीता था जिसमें रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के अर्धशतक शामिल थे।
