दुबई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार 9 मार्च, 2025 को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही देशों के क्रिकेट प्रशंसकों को खिताबी भिड़ंत का बेसब्री से इंतजार है। भारतीय टीम पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड को तीसरी बार फाइनल में पहुंचने का मौका मिला है। टीम इंडिया दो बार और न्यूजीलैंड एक बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने में सफल रही है। कीवी टीम को चैंपियंस ट्रॉफी में पहली और आखिरी खिताबी जीत साल 2000 में स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी में भारत के खिलाफ नैरोबी में मिली थी। उसके बाद 25 साल लंबे अंतराल के बाद दोनों टीमों का फाइनल में आमना सामना हो रहा है। न्यूजीलैंड साल 2009 में आखिरी बार फाइनल में पहुंचा था वहीं टीम इंडिया लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची है।
भारत बनाम न्यूजीलैंड, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल वेदर रिपोर्ट
क्या बारिश डालेगी फाइनल में खलल?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत से पहले हर किसी की नजर आसमान की ओर भी टिकी है। पाकिस्तान में खेले गए मैचो में बारिश ने लगातार खलल डाला। ग्रुप दौर के दो मैच बारिश की भेंट चढ़ गए। लेकिन दुबई में खेले गए मैचों में ऐसा नहीं हुआ। बावजूद इसके प्रशंसक यह जानना चाहते हैं कि क्या रविवार को दुबई में बारिश मैच पर पानी फेरेगी या ये मुकाबला बगैर किसी परेशानी के पूरा हो जाएगा। हालांकि आईसीसी इस समस्या से निपटने के लिए रिजर्व-डे का प्रावधान फाइनल मैच के लिए किया है।
बारिश की नहीं है संभावना, मौसम रहेगा गर्म और उमस भरा
एकुवेदर के मुताबिक रविवार को दुबई में मौसम गर्म रहेगा और बारिश की बिलकुल भी संभावना नहीं है। मैच शुरू होने के वक्त यहां तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। शाम होते-होते तापमान में गिरावट आएगी और यह मैच खत्म होने तक 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। शाम के वक्त उमस बढ़ जाएगी। इस वजह से खिलाड़ियों को परेशानी होगी। आसमान में रात के वक्त हलके बादल होंगे इस वजह से ओस का असर भी मैच पर नहीं पड़ेगा।
