क्रिकेट

India vs New Zealand Head to Head: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी में होगी खिताबी जंग, जानिए कैसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत

IND vs NZ Head to Head in ICC ODI Tournaments: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भिड़ंत होने जा रही है। जानिए किस टीम का पलड़ा आंकड़ों में है भारी?

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल हेड टू हेड

दुबई: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया और मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में एक दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार हैं। भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अबतक अजेय रही है। अबतक खेले चार मैच में से चार में उसे जीत मिली है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम को चार मैच में से तीन में जीत मिली है। उसे एक मैच में हार मिली है जो उसे टीम इंडिया से मिली थी। भारत ने ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को दुबई में 44 रन के अंतर से मात दी थी और उसके एक महीने से वनडे क्रिकेट में चल रहे विजय रथ को रोका था। ऐसे में दोनों टीमों का उसी मैदान पर एक बार फिर आमना सामना होने जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड की नजर पिछली हार का टीम इंडिया से हिसाब चुकता करने के साथ साथ खिताब अपने नाम करने पर है। वहीं भारतीय टीम अपने विजय अभियान को बदस्तूर जारी रखकर तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतना चाहेगी। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों टीमों में से किसका आंकड़ों को तराजू में पलड़ा भारी है।

भारत की तीसरे और न्यूजीलैंड की दूसरे खिताब पर है नजर

भारतीय टीम पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड को तीसरी बार फाइनल में पहुंचने का मौका मिला है। टीम इंडिया साल 2002 और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने में सफल रही थी। वहीं न्यूजीलैंड ने साल 2000 में पहली और आखिरी बार खिताबी जीत चैंपियंस ट्रॉफी में हासिल की थी। 25 साल पहले दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में एक दूसरे से भिड़ी थीं। पिछले 25 साल ने न्यूजीलैंड की खिताबी झोली इस टूर्नामेंट में खाली है। संयोगवश न्यूजीलैंड को साल 2000 की खिताबी जीत भी भारतीय टीम के खिलाफ मिली थी। 2009 में आखिरी बार फाइनल में न्यूजीलैंड पहुंचा था लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसका दूसरी बार चैंपियन बनने के सपना चकना चूर कर दिया था।

भारत और न्यूजीलैंड हेड टू हेड (IND vs NZ Head To Head)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट इतिहास में अबतक कुल 119 मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया को 61 और न्यूजीलैंड को 50 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच खेले गए सात मैच का कोई परिणाम नहीं निकल सका और एक मुकाबला टाई रहा। चैम्पियंस ट्रॉफी में दोनों के बीच हुई भिड़ंत के बारे में बात करें तो यहां मुकाबला बराबरी का रहा है। पहला मुकाबला 2000 जिसमें न्यूजीलैंड 4 विकेट से विजयी रहा था। वहीं दूसरा मैच मौजूदा टूर्नामेंट में दुबई में खेला गया था इसमें भारतीय क्रिकेट टीम को 44 रनों से जीत मिली थी।

आईसीसी टूर्नामेंट्स में ब्लैक कैप्स का पलड़ा है भारी (IND vs NZ Head to Head in ICC Evensts)

आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की राह का रोड़ा कीवी टीम हमेशा से बनती रही है। डार्क हॉर्स मानी जाने वाली न्यूजीलैंड ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत को बहुत गहरे जख्म दिए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी के सीमित ओवरों के इवेंट्स में अबतक कुल 15 मैच खेले गए हैं। जिसमें से 5 में भारत और 9 में न्यूजीलैंड विजयी रहा है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। वनडे फॉर्मेट की बात करें तो 12 मैच में से भारत 5 और न्यूजीलैंड 7 में विजयी रहा है। ऐसे में भारत के लिए चैंपिंयस ट्रॉफी में तीसरी खिताबी जीत की राह आसान नहीं होने जा रही है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article