IND vs ENG Highlights: कप्तान शुभमन गिल की साहसिक शतकीय पारी के बाद रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर की ऐतिहासिक साझेदारी के दम पर भारत ने मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ कर लिया। पहली पारी में 311 रन के बड़े अंतर से पिछड़ने वाली भारतीय टीम ने दूसरी पारी में बिना खाता खोले दो विकेट गंवाने के बावजूद शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और चार विकेट पर 425 रन बनाये। रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने 5वें विकेट के लिए 203 रन की नाबाद साझेदारी की। सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया जबकि जडेजा ने अपने करियर का 5वां शतक लगाया। जडेजा 107 और सुंदर 101 रन बनाकर नाबाद रहे।
रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर (साभार-AP)
कप्तान शुभमन गिल (103) और लोकेश राहुल ने (90) रन की पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 188 रन की साझेदारी की और मैच में टीम इंडिया के ड्रॉ का रास्ता तैयार किया। इससे पहले 5वें दिन भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 174 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारतीय टीम 14 रन ही जोड़ पाई था कि बेन स्टोक्स ने केएल राहुल को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। राहुल 90 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे विकेट के लिए सुंदर और गिल ने 34 रन की साझेदारी की, लेकिन लंच से ठीक पहले गिल भी 103 रन बनाकर आउट हो गए।
जडेजा और वाशिंगटन की ऐतिहासिक साझेदारी
भारत ने 222 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था। उस वक्त टीम इंडिया के सामने दो सेशन का खेल बाकी था, लेकिन सुंदर और जडेजा ने बेहतरीन खेल का नमूना पेश किया और इंग्लैंड के मंसूबों पर पानी फेर दिया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए ऐतिहासिक 203 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपनी-अपनी सेंचुरी पूरी की।
इंग्लैंड ने पहली पारी में बनाए 669 रन
इससे पहले इंग्लैंड ने जो रूट और बेन स्टोक्स की शतकीय पारी के दम पर पहली पारी में 669 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। रूट ने 150 जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा बेन डकेट ने 94 और जैक क्राली ने 84 रन की पारी खेली। भारत ने 11 साल में पहली बार विपक्षी टीम को 500 या इससे ज्यादा का स्कोर खड़ा करने दिया। इंग्लैंड ने पहली पारी में 311 रन की मजबूत बढ़त लेकर मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, लेकिन दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और इंग्लैंड के मंसूबों पर पानी फेर दिया। भारत ने पहली पारी में ऋषभ पंत के साहसिक 58 और साई सुदर्शन के 61 रन की पारी के दम पर 358 रन बनाए थे। दोनों टीमों के बीच आखिरी मैच 31 जुलाई से द ओवल मैदान पर खेला जायेगा, जहां टीम इंडिया के पास सीरीज में बराबरी करने का मौका मिलेगा।
