KS Bharat, IND vs AUS WTC Final 2023: आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के शुरू होने से पहले टीम इंडिया असमंजस में थी। ये कंफ्यूजन था प्लेइंग-11 चुनने का। किसको अंदर रखें और किसको बाहर। इसी उधेड़बुन में दो नाम इशान किशन और केएस भरत के भी थे। ये पता लगा पाना मुश्किल था कि दोनों में कौन बेहतर विकेटकीपर साबित होगा क्योंकि दोनों ने ही इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव नहीं था। आखिरकार मुहर लगी केएस भरत के नाम पर। इसके बाद केएस भरत ने पहले ही दो विकेटों में अपना शानदार योगदान देते हुए खुद को साबित भी कर दिया।
केएस भरत (बीसीसीआई)
अपने करियर का पांचवां टेस्ट मैच खेल रहे केएस भरत हौसले के साथ इतना बड़ा मुकाबला खेलने उतरे लेकिन इंग्लैंड में पहली बार टेस्ट खेलने के बावजूद उनके चेहरे पर दबाव नहीं था। उनका मनोबल बढ़ा हुआ था, और नतीजा कुछ ही समय में दिख भी गया। चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर केएस भऱत ने अपने बाएं तरफ एक शानदार कैच लपकते हुए उस्मान ख्वाजा को शून्य पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
इसके बाद 22वें ओवर में शार्दुल ठाकुर की एक शॉर्ट गेंद जो लेग साइड के बाहर जा रही थी, उस पर डेविड वॉर्नर ने पुल करते हुए फाइन लेग दिशा में निकालना चाहा, लेकिन इस बार भरत ने पहले ही अपने कदम बढ़ाना शुरू कर दिए थे, जैसे उनको पता था कि क्या होने वाला है। वो दाईं ओर दौड़े और डाइव लगाते हुए एक शानदार कैच पकड़ा जिसने 43 रन बनाकर खेल रहे दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
देखिए केएस भरत के दोनों शानदार कैच
टीम इंडिया ने इशान किशन को अचानक टीम में शामिल किया था जबकि पहले से कई दिग्गजों ने कहा था कि इंग्लैंड की जमीन पर 29 वर्षीय केएस भरत ही विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभालना के लिए सही विकल्प हैं, ना कि इशान किशन।
