सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के बांए हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भारत के खिलाफ सिडनी में शनिवार को खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाने वाला सीरीज का आखिरी मुकाबला भारतीय टीम के लिए साख का सवाल बन गया है। शुभमन गिल की कप्तानी में खेलते हुए टीम इंडिया को पर्थ और एडिलेड में खेले गए पहले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और सीरीज उसके हाथ से निकल गई।
मिचेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में होगी एंट्री
सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे वनडे में मिचेल स्टार्क वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए 250 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन सकते हैं। इस मुकाम पर पहुंचने के लिए उन्हें 3 विकेट की दरकार है। सिडनी वनडे में तीन विकेट चटकाते ही स्टार्क ग्लेन मैक्ग्रा( 249 मैच में 380 विकेट), ब्रेट ली(221 मैच में 380 विकेट) और शेन वॉर्न( 193 मैच में 291 विकेट) के साथ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो जाएंगे।
ऐसा रहा है स्टार्क का वनडे करियर
अबतक खेले 129 वनडे मैच में वो 23.46 के औसत और 5.26 की इकोनॉमी के साथ कुल 247 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 28 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। स्टार्क ने करियर में 12 बार पारी में 4 या उससे ज्यादा और 9 बार पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।
भारत के खिलाफ शानदार है गेंदबाजी रिकॉर्ड
स्टार्क का भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने भारत के खिलाफ 49 मैच में 106 विकेट अपने नाम 33.94 के औसत से किए हैं। तीन बार उन्होंने पांच विकेट भारत के खिलाफ चटकाए हैं। 43 रन देकर 6 विकेट उन्होंने अपने नाम किए हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में स्टार्क ने भारत के खिलाफ 21 मैच में 33 विकेट 32.24 के औसत से झटके हैं। जिसमें दो पंजे भी शामिल हैं। मौजूदा सीरीज में स्टार्क ने पर्थ में 22 रन देकर एक और एडिलेड में 62 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे।
