क्रिकेट

मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने सरफराज खान पर जताया भरोसा, चयनकर्ता कर रहे हैं नजरअंदाज

मुंबई क्रिकेट टीम के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं द्वारा लगातार नजर अंदाज किए जाने के बावजूद सरफराज खान के टीम इंडिया में वापसी का भरोसा जताया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

सरफराज खान

मुंबई: मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि सरफराज खान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए भारत ए के दौरे या श्रृंखला की जरूरत नहीं है क्योंकि मध्यक्रम का यह बल्लेबाज घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर भारतीय टेस्ट टीम में वापसी कर सकता है। भारत के लिए 2023-24 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट में पदार्पण करने वाले सरफराज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट टीम का हिस्सा थे लेकिन उसके बाद से उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

भारत के लिए छह टेस्ट खेल चुके 28 वर्षीय सरफराज को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए की श्रृंखला के लिए नजरअंदाज किया गया है। सरफराज ने अपना पिछला टेस्ट मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई में खेला था। भारतीय हरफनमौला और मुंबई के कप्तान शार्दुल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर कहा,'आजकल भारत ए टीम में ऐसे खिलाड़ियों पर ध्यान दिया जाता है जिन्हें वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करना चाहते हैं। सरफराज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए भारत ए के मैच की जरूरत नहीं है। अगर वह फिर से रन बनाने लगे, तो वह सीधे टेस्ट टीम में शामिल हो सकते हैं।'

मुंबई के रणजी सत्र के शुरुआती मैच में जम्मू कश्मीर के खिलाफ अच्छी शुरुआत को भुनाने में नाकाम रहे सरफराज़ का शारदुल ने बचाव करते हुए कहा,'वह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। लेकिन इससे पहले, उन्होंने बुची बाबू ट्रॉफी में चोटिल होने से पहले दो-तीन शतक लगाए थे।' मुंबई ने इस मुकाबले में पहली बार जम्मू कश्मीर पर जीत दर्ज की। ग्रुप डी के अन्य मैचों में जम्मू कश्मीर के सामने राजस्थान, दिल्ली के सामने हिमाचल प्रदेश और पुडुचेरी के सामने हैदराबाद की चुनौती होगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article