IND vs AFG Pitch Report: बुधवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के पहले वनडे में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है और अब उसके पास लखनऊ में सीरीज अपने नाम करने का मौका है। लखनऊ में बुधवार को मौसम साफ रहेगी और गर्मी इतनी रहेगी कि सभी खिलाड़ियों के फिटनेस की अच्छी-खासी परीक्षा होने वाली है। पहले मैच में रोहित शर्मा 16 रन बनाकर रन आउट हो गए थे और वह इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने के इरादे से उतरेंगे।
इकाना पिच रिपोर्ट (साभार-X)
प्लेइंग इलेवन में हो सकता है बदलाव
अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में टीम इंडिया के बैटिंग लाइन-अप में शायद ही कोई बदलाव हो, लेकिन गेंदबाजी में बदलाव के संकेत साईराज बहुतुले ने दिए हैं। उनके अनुसार इकाना की पिच को देखते हुए एक पेसर की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। कुलदीप को पहले मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला था। लेकिन सवाल उठता है कि आखिर कोच ने कुलदीप के खेलने के संकेत क्यों दिए। क्या लखनऊ की पिच स्पिन गेंदबाजों के मुफीद है। चलिए जानते हैं क्या कहती है लखनऊ की इकाना की पिच?
क्या कहती है लखनऊ की इकाना पिच? (Ekana Pitch Report)
इकाना में 3 साल बाद कोई वनडे मुकाबला खेला जाएगा। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद यहां एक भी मुकाबला नहीं खेला गया है। बुधवार को भारत-अफगानिस्तान का मुकाबला मिक्स मिट्टी वाली पिच पर खेला जाना है। यहां दोपहर में तापमान लगभग 39°C रहने की संभावना है और रात में यह 33°C तक गिर सकता है। वनडे वर्ल्ड कप के दौरान यहां पांच मैच हुए थे, जिनमें कुछ में ज्यादा रन बने और कुछ में कम। ऐसे में इस पिच को लेकर कोई अनुमान जस्टिफाई नहीं हो सकता। यहां टॉस की भूमिका इतनी अहम नहीं होती है।
भारत और अफगानिस्तान की टीम-
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, इशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, बिलाल सामी, नांगेयालिया खरोती, फरीद अहमद मलिक, एएम ग़ज़नफ़र, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान, जिया उर रहमान शरीफी।
