INDM vs AUSM Highlights: ऑस्ट्रेलिया को 94 रन से हराकर फाइनल में सचिन की इंडिया मास्टर्स

INDM vs AUSM Highlights: इंडिया मास्टर्स ने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली। पहले सेमीफाइनल में उसने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स को 94 रन से हरा दिया। शहबाज नदीम ने 4 विकेट लेकर इंडिया मास्टर्स की जीत की नींव रखी।

INDM vs AUSM Highlights: इंडिया मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग के फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में उसने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की टीम को 94 रन से रौंद दिया। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स के सामने जीत के लिए 221 रन का लक्ष्य था, लेकिन शहबाज नदीम की फिरकी में ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की टीम ऐसा उलझी कि पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की पूरी टीम केवल 126 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की ओर से सर्वाधिक 39 रन की पारी बेन कटिंग ने खेली। इंडिया मास्टर्स की ओर से शहबाज नदीम ने 4 जबकि इरफान पठान और विनय कुमार ने 2-2 विकेट चटकाए।

INDM vs AUSM Highlights

इंडिया मास्टर्स और ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स (साभार-X)

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। इंडिया मास्टर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 16 रन के स्कोर पर उसने पहला विकेट गंवा दिया। लेकिन दूसरे छोर से सचिन डंटे रहे। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने पवन नेगी के साथ 46 रन की साझेदारी की। सचिन ने 30 गेंद पर ताबड़तोड़ 42 रन की पारी खेली। इसके बाद युवराज सिंह और स्टुअर्ट बिन्नी का कमाल देखने को मिला। दोनों ने तेजी से 41 रन जोड़े। युवराज ने सर्वाधिक 59 रन जबकि स्टुअर्ट बिन्नी ने 36 रन की पारी खेली। बाद में युसूफ पठान ने 10 गेंद में 23 और इरफान पठान ने 7 गेंद में 19 रन की पारी खेली। इन दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी से इंडिया मास्टर्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए।

End of Feed