क्रिकेट

ETPL Auction: भारत के खिलाफ आयरलैंड की जीत के हीरो जय मूंदड़ा हुए जॉन अब्राहम की टीम में शामिल

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत के हीरो रहे भारतीय मूल के आयरिश तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा को ईटीपीएल की नीलामी में जॉन अब्राहम के मलिकाना हक वाली टीम में जगह मिली है।

Image

जय मूंदड़ा

डबलिन: भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीत के नायक रहे आयरलैंड के युवा क्रिकेटर जय मूंदड़ा को गुरुवार को आयोजित यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले खिलाड़ी ड्राफ्ट (नीलामी) में रॉटरडम डॉकर्स ने अपनी टीम में शामिल किया। लीग की छह फ्रेंचाइजी ने ड्राफ्ट के दौरान कुल 36 खिलाड़ियों का चयन किया। इनमें आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स के 12-12 खिलाड़ी शामिल थे।

एम्स्टर्डम फ्लेम्स और रॉटरडम डॉकर्स ने नीदरलैंड के खिलाड़ियों को चुना

एम्स्टर्डम फ्लेम्स और रॉटरडम डॉकर्स ने नीदरलैंड के अधिकांश खिलाड़ियों को चुना, जबकि एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स और ग्लासगो कॉस्मिक ने स्कॉटलैंड के 12 में से नौ खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं डबलिन गार्जियंस और बेलफास्ट वुल्व्स ने आयरलैंड के 12 में से सात खिलाड़ियों का चयन किया। रॉटरडैम डॉकर्स ने अपने पहले चयन के रूप में मूंदड़ा को टीम में शामिल किया। राजस्थान के मूंदड़ा ने हाल ही में भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करते हुए ’श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ का पुरस्कार जीता था। डॉकर्स ने नीदरलैंड्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माइकल लेविट, रियान क्लेन, विक्रमजीत सिंह और साकिब जुल्फिकार को टीम में शामिल किया।

जय मूंदड़ा के टीम में शामिल होने पर जॉन्टी रोड्स ने जताई खुशी

बेलफास्ट वुल्व्स ने आयरलैंड के अनुभवी पॉल स्टर्लिंग और उभरते बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज को अपनी टीम में शामिल कर अपनी ताकत बढ़ाई। रॉटरडम डॉकर्स के सह-मालिक जोंटी रोड्स ने कहा,'अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह जय मूंदड़ा ने अपनी पहचान बनाई है, उसे देखते हुए हम उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए बेहद उत्सुक थे। वह असाधारण क्षमता वाले प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं और हमें खुशी है कि हमने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article