क्रिकेट

रविचंद्रन अश्विन को है वनडे क्रिकेट के भविष्य पर संदेह, कहा-बना रहेगा टी20 क्रिकेट का वजूद

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने टी20 क्रिकेट के विस्तार को लेकर जानिए क्या कहा?

Image

रविचंद्रन अश्विन (फोटो क्रेडिट San Francisco Unicorns )

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि फ्रेंचाइजी आधारित यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) मौजूदा क्रिकेट परिदृश्य में एक जरूरी पहल है क्योंकि टी20 क्रिकेट का भविष्य बेहद मजबूत है, जबकि वह वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। अश्विन ईटीपीएल में डबलिन गार्जियंस टीम की कप्तानी करेंगे। भारत के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे सफल गेंदबाज अश्विन का मानना है कि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को देखते हुए यह लीग खेल के वैश्विक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नई टी20 लीग देंगी क्रिकेट को ओलंपिक खेल बनाने में योगदान

अश्विन ने पीटीआई के सवाल के जवाब में कहा,'कुछ वर्षों में ओलंपिक होने हैं और क्रिकेट अगर वास्तव में वैश्विक खेल बनना चाहता है तो इस तरह की लीगों की टीमें इसमें अहम योगदान देंगी।' उन्होंने कहा कि टी20 प्रारूप क्रिकेट को दुनिया के अधिक देशों तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा,'हमारा पूरा ध्यान टी20 क्रिकेट पर रहेगा और इसे बेहतर बनाने पर होगा। यदि क्रिकेट को वैश्विक खेल और सफल ओलंपिक खेल बनाना है तो छोटा प्रारूप सबसे अधिक व्यावहारिक है। इसी वजह से टी20 क्रिकेट का लगातार विस्तार होता जाएगा। इससे खिलाड़ियों का दायरा भी बढ़ेगा, जो सालभर आयोजित होने वाली विभिन्न लीगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। टी20 क्रिकेट यहां लंबे समय तक रहने वाला है। मैं वनडे क्रिकेट के बारे में मैं इतना निश्चित नहीं हूं।'

अच्छे खेल के साथ, क्रिकेट का विकास करना चाहती है फ्रेंचाइजी

अश्विन ने कहा कि उनकी फ्रेंचाइजी केवल टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि आयरलैंड में क्रिकेट के विकास में भी योगदान देना चाहती है। उन्होंने कहा,'हमारी कोशिश होगी कि हम एक मजबूत टीम तैयार करें, खिलाड़ियों को बेहतर माहौल दें और इस टूर्नामेंट पर स्थायी प्रभाव छोड़ें। डबलिन फ्रेंचाइजी और आयरलैंड क्रिकेट के प्रति हमारी जिम्मेदारी है कि हम वहां के खिलाड़ियों को उचित अवसर और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराएं।'

स्कॉटलैंड, आयरलैंड और नीदरलैंड के खिलाड़ियों के लिए है ये मंच

अश्विन के मुताबिक इस लीग का सबसे बड़ा उद्देश्य स्कॉटलैंड, आयरलैंड और नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना है। उन्होंने कहा,'हम चाहते हैं कि यह लीग उन्हीं खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द विकसित हो। राहुल द्रविड़ और मैंने शुरुआत से ही इस सोच पर सहमति बनाई थी। हम ऐसी संस्कृति विकसित करना चाहते हैं, जहां हर खिलाड़ी हर दिन कुछ नया सीखकर आगे बढ़े।'

परिस्थियों के अनुरूप ढलना आना चाहिए

अश्विन ने खेल में परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने हाल में भारत की आयरलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में 0-2 की हार का उदाहरण देते हुए कहा कि परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना ही आधुनिक क्रिकेट की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा, 'खिलाड़ी को हर परिस्थिति के अनुरूप खुद को ढालना आना चाहिए। खेल का मूल मंत्र परिस्थितियों के मुताबिक ढलना है। भारत और आयरलैंड के बीच हालिया टी20 श्रृंखला इस बात का उदाहरण है कि परिस्थितियां टी20 क्रिकेट की स्थापित धारणाओं को भी बदल सकती हैं और मुकाबले को पूरी तरह संतुलित बना सकती हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article