टीम इंडिया ने 8वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 10 विकेट से रौंद दिया। जीत के लिए टीम इंडिया के सामने 51 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने केवल 6.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने 19 गेंद पर 27 रन जबकि ईशान किशन ने 18 गेंद में 23 रन की पारी खेली।
एशियन चैंपियन भारत (AP)
50 रन पर ढेर श्रीलंका
इससे पहले बारिश के अनुमान के बीच श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन सिराज के ऐतिहासिक स्पेल के सामने श्रीलंका की टीम 15.2 ओवर में 50 रन बनाकर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से इन फॉर्म बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने सर्वाधिक 17 जबकि दुसन हेमंथा ने 13 रन की पारी खेली। श्रीलंका की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
खाता भी नहीं खोल पाए 5 बल्लेबाज
भारतीय गेंदबाजी लाइनअप के सामने श्रीलंका के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। श्रीलंका के इन फॉर्म बल्लेबाज कुसल परेरा, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका और दसुन शनाका खाता भी नहीं खोल पाए। इनके अलावा मथिसा पाथिराना भी शून्य के स्कोर पर आउट हुए।
कोलंबो में सिराज का कहर
मोहम्मद सिराज ने ऐतिहासिक स्पेल डालते हुए 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। उन्होंने 4 विकेट तो एक ही ओवर में झटके। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में पथुम निसांका, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका और धनंजय डी सिल्वा को आउट किया।
