क्रिकेट

Asia Cup 2023, Man of the Series: बार-बार टीम से बाहर होते थे कुलदीप यादव, अब कर दिया बड़ा कमाल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Sep 17, 2023, 07:32 PM IST

Asia Cup 2023 Man of the Series, Kuldeep Yadav: कुछ खिलाड़ियों की जिंदगी में राष्ट्रीय टीम में आने के बाद भी काफी संघर्ष लिखा होता है। कुलदीप यादव भी उन्हीं में से एक हैं। इस चाइनामैन गेंदबाज को काफी बार नजरअंदाज किया गया लेकिन इस बार युजवेंद्र चहल से ऊपर उनको तरजीह दी गई और वो हीरा बनकर सामने आए।

Image

कुलदीप यादव (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने जीता एशिया कप 2023 का खिताब
  • कुलदीप यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
  • सीरीज में किया सबसे अहम प्रदर्शन

Asia Cup 2023, Man of the Series: एशिया कप 2023 टीम इंडिया के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआत में टीम इंडिया लड़खड़ाती सी नजर आई थी लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, खिलाड़ी लय में आते गए और भारत ने जब मैच जीतना शुरू किया तो कोई भी टीम उनके सामने टिक नहीं सकी। फाइनल में उनके सामने श्रीलंकाई टीम थी जिसे उन्होंने 50 रन पर समेट दिया और 10 विकेट से जीत दर्ज करके अपना आठवां एशिया कप खिताब जीता। इस पूरे सफर में एक खिलाड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा और वो थे कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav)।

कुलदीप यादव को एशिया कप 2023 में शानदार प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द सीरीज' का खिताब दिया गया। उत्तर प्रदेश के कानपुर से आने ताल्लुक रखने वाले इस चाइनामैन गेंदबाज ने करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखे लेकिन अब वो विश्व कप 2023 टीम में भी हैं और विश्व कप से पहले एशिया कप में मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीतकर जा रहे हैं।

सिराज के ज्यादा विकेट, तो कुलदीप को कैसे मिला बड़ा खिताब?

एशिया कप 2023 के फाइनल में मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लिए और एक झटके में वो विकेटों के मामले में कुलदीप यादव से आगे निकल गए। लेकिन फिर भी कुलदीप यादव को मैन ऑफ द सीरीज और सिराज को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इसकी वजह रही कुलदीप का टूर्नामेंट में प्रभाव। कुलदीप यादव ने टूर्नामेंट के 5 मैचों में 9 विकेट झटके जिस दौरान उनका इकॉनमी रेट 3.61 रहा। जबकि 11 विकेट झटकने वाले सिराज का इकॉनमी रेट 4.63 रहा।

कुलदीप यादव ने सबसे खास प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ किया जहां उन्होंने 5 विकेट झटकते हुए सबका दिल जीत लिया था। वहीं 24 घंटे के अंदर भारत ने अगला मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला और वहां भी कुलदीप यादव ने 4 विकेट ले लिए। एक दिन के अंदर 9 विकेट लेने वाले कुलदीप विश्व कप 2023 में भारत के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article