क्रिकेट

IND A vs SL A 2nd Unofficial Test Highlights: गुरनूर बराड़ का शानदार प्रदर्शन, भारत ए ने श्रीलंका ए को 10 विकेट से मात देकर जीती सीरीज

इंडिया ए ने गुरनूर बराड़ की घातक गेंदबाजी के बल पर श्रीलंका ए को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में 10 विकेट के अंतर से पटखनी देकर सीरीज पर 1-0 के अंतर से कब्जा कर लिया है। जानिए कैसा रहा मैच के अंतिम और निर्णायक दिन के खेल का हाल।

Image

गुरनूर बराड़ (फोटो क्रेडिट @CricCrazyJohns X)

गॉल: तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने रविवार को दूसरे और अंतिम अनौपचारिक टेस्ट में कुल 10 विकेट लेकर भारत ए को श्रीलंका ए पर शानदार 10 विकेट की जीत दिलाकर अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ संभावित टेस्ट पदार्पण के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। साई सुदर्शन के 168 रन की बदौलत भारत ए ने पहली पारी में 543 रन का विशाल स्कोर बनाया और श्रीलंका ए पर 177 रनों की बढ़त हासिल की। भारत ए ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 541 रन से की थी।

बराड़ ने दूसरी पारी में चटकाए 6 विकेट

मैच के चौथे और अंतिम दिन खेल तेजी से आगे बढ़ा। बराड़ ने दूसरी पारी में छह विकेट लेकर श्रीलंका ए की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पहली पारी में भी उन्होंने चार विकेट लिए थे जिससे पूरे मैच में उनके विकेटों की संख्या 10 हो गई। अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए टीम में जगह के एक अन्य दावेदार आकिब नबी की तुलना में बराड़ का प्रदर्शन कहीं अधिक प्रभावशाली रहा। पंजाब के इस तेज गेंदबाज ने पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारत के लिए पदार्पण करते हुए भी प्रभावित किया था। वह टेस्ट टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन उन्हें अब तक टेस्ट क्रिकेट में खेलने का मौका नहीं मिला है।

आशेन बंडारा ने खेली 87 रन की पारी

श्रीलंका ए की ओर से आशेन बंडारा ने 87 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। श्रीलंका ए की दूसरी पारी 209 रन पर सिमटने के बाद भारत ए को जीत के लिए केवल 33 रन का लक्ष्य मिला। साई सुदर्शन और अमन मोखाड़े ने 6.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए यह लक्ष्य हासिल कर लिया और भारत ए ने 10 विकेट से आसान जीत दर्ज की। श्रृंखला का पहला अनौपचारिक टेस्ट ड्रॉ रहा था।

इंडिया ए ने 1-0 से जीती सीरीज

यह दौरा भारत ए के लिए बेहद सफल रहा। टीम ने इससे पहले दांबुला में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला का खिताब भी जीता था। 15 अगस्त से गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट शुरू होना है। उससे पहले नियमित टेस्ट खिलाड़ी साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को इस दौरे पर अच्छा मैच अभ्यास मिला। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!