क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू खराब करने वाले दो गेंदबाज, अय्यर का इंतजार भी बढ़ा

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अपना डेब्यू किया। लेकिन उनका डेब्यू खराब हो गया क्योंकि इंग्लैंड ने इस मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया। भारत के दो गेंदबाजों ने उनका डेब्यू खराब कर दिया।

Image

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)

शनिवार को उस सवाल का जवाब क्रिकेट वर्ल्ड को मिल गया जो आयरलैंड दौरे से पूछा जा रहा था। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में डेब्यू कैप सौंपी। मैनचेस्टर में खेले गए इस मुकाबले में वैभव भारत की ओर से सबसे युवा खिलाड़ी बने जिन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। वैभव सूर्यवंशी ने 2 छक्के की मदद से 10 गेंद में 14 रन की पारी खेली। उन्होंने जोफ्रा आर्चर को पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा जबकि एक अन्य डेब्यूटेंट जोश टंग को भी शानदार छक्का मारा। हालांकि, विल जैक्स ने उन्हें अपनी जाल में फंसा लिया और जोस बटलर के हाथो स्टंप करा दिया।

हार के साथ वैभव का आगाज

हर खिलाड़ी चाहता है कि उसे पहले मुकाबले में जीत मिले, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने एक ओवर पहले ही 6 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दो गेंदबाजों के चलते वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू खराब हो गया। ये दो गेंदबाज हैं अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई। अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर में 27 और रवि बिश्नोई ने 17वें ओवर में 29 रन दिए। जब इंग्लैंड को 24 गेंद में 49 रन की दरकार थी और ऐसा लग रहा था कि अय्यर की कप्तानी में पहली जीत आ सकती है तब जेकब बेथल ने रवि बिश्नोई के एक ओवर में 29 रन बनाकर सारे समीकरण खराब कर दिए। नतीजा इंग्लैंड ने एक ओवर शेष रहते जीत हासिल कर ली और 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की जीत का इंतजार और भी बढ़ गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article