IND vs WI Test: एशिया कप 2025 जीतने के बाद भारतीय टीम ने आराम करने की बजाय सीधे टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू कर दी है। जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को छोड़कर बाकी खिलाड़ियों ने मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगभग तीन घंटे तक अभ्यास किया। यह अभ्यास सत्र वेस्टइंडीज के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए आयोजित किया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम प्रेक्टिस (फोटो- BCCI)
कार्यभार प्रबंधन पर टीम का फोकस
एशिया कप के समापन और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस अहम मुकाबले के बीच सिर्फ कुछ दिन का अंतर होने से खिलाड़ियों के कार्यभार प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर सहित पूरी टीम सोमवार देर रात अहमदाबाद पहुंची थी। हल्के वार्म अप के बाद बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने नेट्स पर जमकर मेहनत की।
तेज गेंदबाजों की धार बरकरार
मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने करीब 45 मिनट तक गेंदबाजी की। दोनों गेंदबाजों ने अभ्यास विकेट पर अच्छी गति और उछाल हासिल किया। सिराज और प्रसिद्ध हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की ओर से अनौपचारिक टेस्ट मैच भी खेल चुके थे, जिससे उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
कप्तान शुभमन गिल की परीक्षा
शुभमन गिल ने नेट्स में तेज गेंदबाजों, स्पिनर्स और थ्रो डाउन विशेषज्ञों का सामना किया। हालांकि वे कुछ गेंदों पर असहज दिखे और गेंद बल्ले के बाहरी किनारे से लगी। एक बाउंसर उनके दस्तानों पर भी लगी जिससे वे क्षणभर के लिए हैरान रह गए। इसके बावजूद गिल ने लंबा अभ्यास किया और विभिन्न परिस्थितियों में खुद को परखा। यह उनके लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उनका घरेलू मैदान पर बतौर पूर्णकालिक कप्तान पहला टेस्ट होगा।
बल्लेबाजों ने दिखाई शानदार लय
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल बेहतरीन लय में दिखे। जुरेल ने हाल ही में भारत ए की कप्तानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। मध्यक्रम में बी. साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल ने भी नेट्स पर अच्छी बल्लेबाजी की। पडिक्कल ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ शतक लगाया था और उसी फॉर्म को उन्होंने नेट्स पर भी जारी रखा।
चयन पर मंथन जारी
टीम प्रबंधन के सामने नितीश रेड्डी और पडिक्कल में से एक को चुनने की चुनौती है। रेड्डी तेज गेंदबाजी का विकल्प प्रदान कर सकते हैं, जिससे टीम को तीसरा पेसर मिल सकता है। वहीं पडिक्कल का हालिया शतक उन्हें मजबूती से दौड़ में बनाए हुए है। रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों की जगह लगभग तय है।
कुलदीप होंगे वेस्टइंडीज के लिए बड़ी चुनौती
एशिया कप फाइनल में चार विकेट लेने वाले कुलदीप यादव इस सीरीज में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। वेस्टइंडीज टीम भारतीय परिस्थितियों में कम अनुभवी है और स्पिन का सामना करना उनके लिए आसान नहीं होगा।
बारिश ने बिगाड़ा वेस्टइंडीज का अभ्यास
वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम को बारिश के कारण अपने अभ्यास सत्र को इनडोर करना पड़ा। उनका नेट अभ्यास महज आधे घंटे का ही हो पाया, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो सकती है।
(भाषा)
