IND vs PAK T20 World Cup 2026 Match Timing Today: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज 28वां मैच खेला जाएगा और ये टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला व सबसे बड़ा मुकाबला होगा, जहां भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) की चिर-प्रतिद्वंदी टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को लेकर टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले तक काफी विवाद हुआ। पाकिस्तान ने भारत ने मैच खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उसे इस फैसले का क्या खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है इसके बारे में समझाया, तब जाकर दबे स्वर में पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए हामी भरी। सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले ही साल एशिया कप के फाइनल में सलमान आगा (Salman Agha) की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम को हराकर एशियाई खिताब जीता था, जहां एशियाई क्रिकेट परिषद के प्रमुख मोहसिन नकवी भारत को ट्रॉफी ना देने को लेकर विवादों में आ गए थे।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच आज कितने बजे शुरू होगा
टीम इंडिया के फैंस के लिए भारत-पाकिस्तान मैच से पहले एक अच्छी सूचना है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच से पहले संकेत दिए हैं कि भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) अब फिट हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मैदान पर उतरेंगे। इससे पहले अभिषेक पेट में इंफेक्शन के चलते नामीबिया के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह खेले संजू सैमसन मैच में असफल साबित हुए थे। अब अभिषेक की वापसी से पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी होना तय है।
भारत और पाकिस्तान के T20 क्रिकेट में आंकड़ेः टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मुकाबले हुए हैं और ये सभी मुकाबले मल्टी टीम टूर्नामेंट में खेले गए। इनमें भारत का पलड़ा बहुत भारी रहा है। भारत ने 13 मैचों में पाकिस्तान को मात दी है, जबकि पाकिस्तान की टीम अब तक भारत को सिर्फ 3 टी20 मैचों में हराने में सफल रही है। इनमें ज्यादातर मैच न्यूट्रल वेन्यू पर हुए हैं और आज होने वाला विश्व कप का मैच भी न्यूट्रल वेन्यू पर होने वाला है। दोनों टीमों के बीच अब तक न्यूट्रल वेन्यू पर 13 टी20 मैच खेले गए हैं जिसमें 11 मैच भारत ने जीते हैं और पाकिस्तान 2 मैच ही जीत सका है।
भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का मैच किस तारीख को होना है? (IND vs PAK T20 World Cup Match Date)
भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच T20 विश्व कप 2026 का मैच 15 फरवरी 2026, रविवार को खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप मैच कहां खेला जाना है? (IND vs PAK T20 World Cup Match Venue)
भारतीय टीम और पाकिस्तान टीम के बीच टी20 विश्व कप मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम (R Premadasa Stadium) में होने जा रहा है।
इंडिया पाकिस्तान टी20 विश्व कप मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (IND vs PAK Match Time Today)
आज भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान की टीम के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बड़ा मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस 6:30 बजे कराया जाएगा।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में आज होने वाला भारत-पाकिस्तान मैच टीवी पर कहां देख सकते हैं? (India vs Pakistan T20 World Cup Match TV Telecast Channel)
आज भारत-पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच को भारत में आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में देख सकते हैं।
भारत-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं? (IND vs PAK T20 World Cup Match Live Streaming)
पाकिस्तान और टीम इंडिया के बीच टी20 विश्व कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार ऐप (JioHotstar App) और वेबसाइट पर देख सकते हैं।
आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत और पाकिस्तान की पूरी टीमें (India And Pakistan Full Squads For ICC T20 World Cup 2026)
भारत की टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, रिंकू सिंह और मोहम्मद सिराज।
पाकिस्तान की टी20 टीम: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक और सलमान मिर्जा।
भारत और पाकिस्तान का टी20 विश्व कप 2026 में अब तक का ट्रैक रिकॉर्डः भारत ने अब तक टी20 विश्व कप 2026 में दो मैच खेले हैं। भारत ने पहला मैच संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की 49 गेंदों में नाबाद 84 रनों की पारी के बदौलत 29 रनों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद, भारत का दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ हुआ जहां भारत ने 93 रनों से बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपना विजय अभियान जारी रखा। नामीबिया के खिलाफ हार्दिक पांड्या जीत के नायक रहे जिन्होंने 52 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी झटके।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इस टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेला था जहां नीदरलैंड द्वारा दिए गए 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं, अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान ने यूएसए की टीम के खिलाफ 32 रनों से जीत दर्ज की थी। उस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में उतरी यूएसए की टीम 8 विकेट पर 158 रन ही बना सकी थी।
अंक तालिका में किसका नेट रन रेट ज्यादा बेहतरः अब भारत और पाकिस्तान ग्रुप-A में चार-चार अंकों के साथ बराबरी पर हैं। अब आज कोलंबो में इन दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला तय करेगा कि ग्रुप में टॉप पर कौन अपनी स्थिति मजबूत करने वाला है। फिलहाल भारत का नेट रन रेट (NRR) पाकिस्तान से काफी आगे है। भारत ने 2 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट 3.050 है। जबकि पाकिस्तान की टीम दोनों मैच जीतने के बाद चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है क्योंकि उसका नेट रन रेट 0.932 है।
