IND vs NZ 3rd T20 Match Timing Today 27 October 2026: भारतीय टी20 टीम ने न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद से ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए और पहले ही टी20 मुकाबले में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करके जीत हासिल की। उसके बाद दूसरे टी20 में रोमांच ऐसा था कि फैंस की धड़कनें बढ़ गईं। भारत 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय 70 रन पर अपने 5 विकेट गंवा चुका था, लेकिन अंत में तिलक वर्मा (नाबाद 51 रन), नमन धीर (31 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (नाबाद 26 रन) ने ऐसी शानदार पारियां खेलीं कि न्यूजीलैंड के गेंदबाज बस देखते रह गए और भारत ने एक गेंद बाकी रहते रोमांचक अंदाज में 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली। जिसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अहम बढ़त बनाई। अब श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी में भारतीय टीम आज अगर जीती तो वो सीरीज अपने नाम कर लेगी। ऐसे में कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) की टीम को पूरा दम लगाना होगा ताकि वो सीरीज को किसी तरह 2-1 कर सकें और सीरीज को जीवित रखें।
आज भारत-न्यूजीलैंड तीसरा टी20 मैच कितने बजे से है
अब कैसे हैं भारत-न्यूजीलैंड के टी20 में आमने-सामने के आंकड़े? (India vs New Zealand Head To Head T20I Stats)
टीम इंडिया और मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अब तक 33 टी20 मुकाबले एक दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 21 मैचों में हराया है। वहीं, न्यूजीलैंड 11 मौकों पर ही टीम इंडिया को पस्त करने में सफल हुई है। जबकि एक मैच टाई हुआ था, जो न्यूजीलैंड में ही खेला गया था। न्यूजीलैंड की जमीन पर इन दोनों टीमों के आमने-सामने के आंकड़े देखें तो भारत-न्यूजीलैंड यहां पर अब तक 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। भारत ने कीवी टीम को उसी की मैदानों पर 9 टी20 मैचों में हराया है। जबकि, न्यूजीलैंड अपने ही घर में भारत को सिर्फ 4 बार मात देने में सफल रह सका है। मौजूदा सीरीज में अब भी उसे पहली जीत की दरकार है।
आज भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक कितने बजे और कहां होगा? (When And Where India vs New Zealand 3rd T20I Will Be Played Today)
| मैच | कहां होगा मैच | मैच का समय |
| भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टी20 | वेलिंगटन (Hnry स्टेडियम) | भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12:30 बजे |
क्या भारत करेगा कोई बदलाव, किन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें? (India Playing 11 Changes And Players To Watch Out For)
वेलिंगटन टी20 मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ जब टीम इंडिया उतरेगी तो ईशान किशन (Ishan Kishan) चोटिल होने की वजह से एक बार फिर उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को एक और मौका मिल सकता है। अब देखना ये है कि पिछली बार नंबर.3 पर फेल होने के बाद क्या वैभव को उनकी असल पोजीशन यानी ओपनर के तौर पर उतारा जा सकता है या नहीं? इसके अलावा, एक सवाल ये भी है कि लगातार दो मैचों में प्रभाव नहीं छोड़ पाने के बाद क्या चार साल बाद वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) को एक मैच का आराम देकर, उनकी जगह मयंक यादव (Mayank Yadav) को शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, एक बार फिर फैंस की निगाहें अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma), तिलक वर्मा (Tilak Varma) और नमन धीर (Naman Dhir) पर टिकी होंगी।
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें (India And New Zealand Full Squads For T20I Series)
भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, कुलदीप यादव और मयंक यादव।
न्यूजीलैंड टी20 टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, माइकल ब्रैसवेल, लॉकी फर्ग्यूसन और जैक फाउल्क्स।
आज कैसा रहेगा वेलिंगटन का मौसम? (Wellington Weather Today)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक सीरीज के पहले दो मुकाबले क्राइस्टचर्च में खेले गए थे। अब आज तीसरा टी20 मैच वेलिंगटन में होने जा रहा है। ये वेन्यू अपनी तेज हवाओं और पल-पल बदलते मौसम के लिए मशहूर है। फैंस के फिलहाल अच्छी खबर नहीं है, क्योंकि आज यहां तेज बारिश का अनुमान है, लेकिन जिस रफ्तार से यहां हवाओं का रुख होता है, उससे स्थिति बदल भी सकती है। उमस भी यहां बहुत ज्यादा रहने वाली है। वेलिंगटन में आज का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है। यानी दिन काफी ठंडा रहने वाला है।
