IND vs NZ 2nd Test Preview: भारत के लिए WTC फाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने का आखिरी मौका, जानिए समीकरण और अन्य जानकारियां

India vs New Zealand 2nd Test Preview: शुक्रवार से भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का दूसरा व अंतिम मैच शुरू होने जा रहा है। पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अब भारत के सामने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जाने की बस एक उम्मीद ही बाकी है। क्या कहते हैं समीकरण और कैसे भारत आगे जा सकता है, कैसी होगी दूसरे टेस्ट मैच की पिच, कौन-कौन खेल सकता है। सब कुछ यहां जानिए।

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच
  • क्राइस्टचर्च में होगी कड़ी टक्कर
  • WTC फाइनल के लिए भारत की अंतिम उम्मीद

IND vs NZ 2nd Test Match Preview: भारत को अगर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीद को बरकरार रखना है तो उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी जिससे पहले टीम प्रबंधन गेंदबाजी आक्रमण को लेकर कशमकश में है। भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच भारतीय समय के मुताबिक सुबह 3:30 बजे से शुरू होगा।

IND vs NZ 2nd Test Match Preview, India WTC Final Qualification Scenario

भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट मैच का प्रिव्यू

पहले टेस्ट की तरह यहां की पिच भी शुरू में घास वाली दिख रही है लेकिन यह बाद में बल्लेबाजों के लिए बेहतरीन साबित हो सकती है इसलिए भारतीय टीम को किसी तरह के मुगालते में नहीं रहना चाहिए। भारत ने पहले टेस्ट मैच में अधिकतर समय अपना दबदबा बनाए रखा लेकिन आखिर में यह मैच ड्रॉ हो गया जो मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के लिए बड़ा झटका था। इसका कारण यह था कि आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली बेसिन रिजर्व की पिच सपाट हो गई थी। लेकिन पिच की प्रकृति में बदलाव के बावजूद इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता जसप्रीत बुमराह के पहली पारी के प्रयास और आकाश दीप की कुछ धारदार गेंदबाजी को छोड़कर भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया था।

टीम इंडिया के अभ्यास में क्या नजर आया

प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज (दोनों पारियों में 45-45 ओवर) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि बृहस्पतिवार को नेट सत्र को ध्यान में रखते हुए लग रहा है कि तेज गेंदबाजी आक्रमण में व्यापक बदलाव की संभावना नहीं है। जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, कंबोज और प्रसिद्ध ने नेट पर गेंदबाजी नहीं की। आमतौर पर उन तेज गेंदबाजों को ही मैच से एक दिन पहले विश्राम दिया जाता है जिनकी अंतिम एकादश में जगह पक्की होती है।

बुमराह को राष्ट्रीय चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह के साथ बातचीत करते हुए देखा गया, जो संयोग से गुजरात टीम के उनके पूर्व साथी भी हैं। गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा के साथ-साथ नेट पर जमकर अभ्यास करने वाले गेंदबाजों में औकिब नबी और अर्शदीप सिंह शामिल थे।आक्रमण में एकमात्र संभावित बदलाव बराड़ को प्रसिद्ध या कंबोज की जगह अंतिम एकादश में शामिल करना हो सकता है।

पिच के बारे में हेनरी और ओरम ने क्या कहा

स्थानीय खिलाड़ी मैट हेनरी और न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम दोनों ने स्वीकार किया कि भले ही वह इस मैदान पर अधिक गति और उछाल की उम्मीद करते हैं, लेकिन ऐसे उदाहरण भी देखने को मिले हैं जब पिच पहले दो दिनों के बाद बल्लेबाजों के लिए अनुकूल बन जाती है।

वेस्टइंडीज ने पिछले साल हैगली ओवल में बड़े स्कोर वाला टेस्ट मैच ड्रॉ कराया था जबकि तीन सप्ताह पहले ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने भारत ए की तरफ से खेलते हुए यहां शतक बनाए थे।

सिराज पर विश्वास की कमी के चलते गिल और गंभीर के विकल्प पहले ही सीमित हो गए हैं। गिल ने भले ही कहा है कि वेलिंगटन में सिराज को टीम से बाहर रखने का फैसला मुश्किल था लेकिन बेसिन रिजर्व जैसी नीरस पिच पर हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज की मौजूदगी से मैच के परिणाम में कोई खास फर्क पड़ने की संभावना नहीं थी।

रविंद्र जडेजा का क्या होगा?

यही स्थिति रविंद्र जडेजा की भी है, जिनकी सेना (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में बल्लेबाजी ऑलराउंडर के रूप में प्रतिष्ठा को भी भारी झटका लगा है, क्योंकि विपक्षी टीम के शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के कई बल्लेबाज होने के कारण वाशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी गई है। जडेजा हाल में जिस अंदाज में नजर आए उससे लग रहा था कि वह टीम प्रबंधन का विश्वास हासिल नहीं कर पाए हैं। एक पूर्व टेस्ट खिलाड़ी ने पहले टेस्ट मैच से जडेजा को बाहर रखने पर गोपनीयता की शर्त पर टिप्पणी की थी, "जडेजा अगर अपनी क्षमता का 70 प्रतिशत प्रदर्शन भी करते हैं तब भी वह अपनी एक क्षमता का 120 प्रतिशत प्रदर्शन करने वाले वाशिंगटन सुंदर की तुलना में हजार गुना बेहतर हैं।"

संयोग से जब तक गिल ने वेलिंगटन में जब वाशिंगटन को गेंदबाजी के लिए बुलाया, तब तक जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर चुके थे और उन सभी बाएं हाथ के बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुके थे जिनके लिए वाशिंगटन को जडेजा पर तरजीह दी गई थी। लेकिन अगर मौजूदा टीम प्रबंधन के काम करने के तरीके पर गौर किया जाए तो कुछ मामलों में उसकी प्राथमिकताएं बिल्कुल स्पष्ट हैं।

कप्तान और कोच के विचार

कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल आठवें नंबर तक बल्लेबाज रखना चाहते हैं और नीतीश कुमार रेड्डी की गेंदबाजी इन परिस्थितियों में उतनी प्रभावी नहीं है, इसलिए थोड़ा अच्छी बल्लेबाजी करने वाले आकाश दीप और कंबोज दोनों को अंतिम एकादश में रखने का फैसला किया गया।

पहले टेस्ट मैच से हालांकि यह स्पष्ट हो गया है कि प्रसिद्ध और कंबोज में से किसी एक को यहां बेंच पर बैठाया जा सकता है। अगर भारत एक बार फिर पहले गेंदबाजी करता है, तो बराड़ अपनी गति, उछाल और लंबे कद के दम पर इस पिच पर काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

न्यूजीलैंड में कौन-कौन देगा चुनौती?

डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स जैसे खिलाड़ी बराड़ का सामना करने में थोड़ा असहज महसूस कर सकते हैं, जबकि कंबोज का सामना करना अपेक्षाकृत आसान था। यहां तक कि मध्य क्रम के बल्लेबाज डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के सामने भी बराड़ चुनौती पेश कर सकते हैं। संक्षेप में कहें तो अगर भारत को 20 विकेट चाहिए तो टीम प्रबंधल को अपनी मानसिकता में बदलाव करना होगा।

भारत और न्यूजीलैंड की टेस्ट टीमें

भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, साई सुदर्शन।

न्यूजीलैंड टेस्ट टीम: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, नाथन स्मिथ, मैट फिशर, विल यंग, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट।

End Article
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। ...

End of Feed