IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी तो उसे 1 ओवर की गेंदबाजी का सामना करना था। लेकिन इस ओवर में कुछ ऐसा हुआ जिसने साबित कर दिया कि भारत और इंग्लैंड के बीच हो रहा यह सीरीज आसान नहीं होने वाला है। दरअसल इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज जैक क्राउली ने गेम को स्लो करने के हर वो हथकंडे अपनाए जिससे उन्हें कम से कम बल्लेबाजी करनी पड़ी। इंग्लैंड बल्लेबाजों के इसी रवैये पर टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को गुस्सा आ गया। लॉर्ड्स में गिल का ऐसा अवतार देखने को मिला जिसे भारतीय फैंस को विराट के रुप में देखने की आदत है। गिल का एक नया अवतार दिखा जब वह इंग्लैंड के बल्लेबाजों से उस वक्त सीधे-सीधे भिड़ गए जब जानबूझ कर दोनों गेम की गति को स्लो करने का प्रयास कर रहे थे।
शुभमन गिल (साभार-X SCREENGRAB)
बीच मैदान क्राउली और डकेट से भिड़े गिल
जब क्राउली ने चोट का इशारा करते हुए फीजियो की मांग की तो कप्तान गिल सहित पूरी टीम इंडिया दोनों बल्लेबाजों के पास पहुंच गई। इस दौरान साफ देखा गया कि क्राउली और गिल के बीच कुछ कहा-सुनी हुई। दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली जिसका बीच-बचाव फील्ड अंपायर को करना पड़ा। इस दौरान वीडियो में देखा जा सकता है कि गिल भागते हुए क्राउली के पास पहुंचे और इंपैक्ट प्लेयर का इशारा करके उन्हें चिढ़ाया। बेन डकेट भी गिल से बात करते नजर आए। बीच मैदान जो हो रहा था उससे साफ पता चल रहा था कि इंग्लैंड के बल्लेबाज जान बूझकर खेल को धीमा कर रहे हैं जिससे उन्हें कम से कम खेलना पड़े। हुआ भी यही भारतीय टीम के पास 6 मिनट का वक्त तीसरे दिन था, लेकिन केवल 1 ओवर की गेंदबाजी हो पाई। इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 2 रन बना लिए हैं। क्राउली 2 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि बेन डकेट को अभी खाता खोलना है।
इससे पहले टीम इंडिया ने पहली पारी में इंग्लैंड के 387 रन के स्कोर की बराबरी कर ली। भारत की ओर से केएल राहुल ने 100 और ऋषभ पंत ने 74 रन की पारी खेली। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 72 रन बनाए।
