IND vs ENG 4th T20 Match: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज अब टीम इंडिया के लिए साख की लड़ाई बन गई है। आज ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में होने जा रहा चौथा टी20 मुकाबला भारतीय टीम के लिए पूरी तरह करो या मरो जैसा है। जहां एक तरफ इंग्लैंड पांच मैचों की टी20 सीरीज में पहले ही 2-0 की बढ़त ले चुका है। वहीं, एक और जीत उसे ट्रॉफी दिला देगी। दूसरी तरफ भारतीय फैंस की नजरें मौसम पर भी टिकी हुईं हैं। इस सीरीज के पहले मुकाबले में बारिश ने खेल बिगाड़ा हुआ है। अगर आज मैच में भी बारिश हो जाती है तो भारतीय टीम बिना मैच खेले ही सीरीज हार जाएगी।
बिना मैच खेले ही सीरीज हार जाएगी टीम इंडिया
बता दें कि सीरीज की शुरुआत ही बारिश से हुई थी। पहला मुकाबला बिना नतीजे के रद्द हो गया था। इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार दो मैच जीतकर दबाव बना दिया है। अब चौथे मैच में भारत को हर हाल में जीत चाहिए, वरना सीरीज हाथ से निकल जाएगी। यानी टीम इंडिया बिना एक भी पूरा मैच जीते सीरीज गंवाने की कगार पर है। चौथा मैच अगर फिर मौसम की वजह से प्रभावित हुआ तो मुश्किल और बढ़ेगी। हालांकि, भारत के लिए राहत की बात यह है कि ब्रिस्टल में गुरुवार को बारिश की आशंका न के बराबर है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, आसमान में बादल जरूर रह सकते हैं, लेकिन खेल रुकने के चांस जीरो प्रतिशत बताए गए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- भारत के लिए 100 टी20 खेलने पर भावुक हुए अक्षर पटेल, जानिए किसको दिया श्रेय
ब्रिस्टल में तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने और 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। ऐसे में फैंस को पूरे 40 ओवर का एक्शन देखने को मिल सकता है। भारतीय समयानुसार मुकाबला रात 10 बजे शुरू होगा और टॉस 9:30 बजे होगा। लोकल टाइम के हिसाब से मैच शाम 5:30 बजे से है।
भारत का फुल स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड का फुल स्क्वॉड
हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), फिल साल्ट (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, जैकब बेथेल, सैम कुरेन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, टॉम बैंटन, विल जैक, जोश टोंग, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद, सोनी बेकर।
