Axar Patel: भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि इस मुकाम तक पहुंचेंगे। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने साथियों, कोचों और परिवार को दिया। 2015 में टी20 डेब्यू से लेकर भारत के भरोसेमंद सीमित ओवर खिलाड़ी बनने तक का सफर याद करते हुए अक्षर ने कहा कि पिछले एक दशक में उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। इंग्लैंड दौरे पर दूसरे टी20 में उन्होंने 100 विकेट पूरे किए थे और बृहस्पतिवार को चौथे मैच में अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे।
टी20 में अक्षर ने पूरे कर लिए 100 विकेट
बीसीसीआई टीवी से बातचीत में अक्षर ने कहा, "जब मैंने पहला टी20 खेला था, तब 100 मैच खेलने के बारे में सोचा भी नहीं था। यह दौरा मेरे लिए खास है क्योंकि दूसरे मैच में 100 विकेट पूरे हुए और चौथे मैच में 100वां मैच है। मैं इस पल को सच में एंजॉय कर रहा हूं।" उन्होंने आगे कहा, "जब खिलाड़ी कोई उपलब्धि हासिल करता है तो वो अकेले की नहीं होती। इसमें साथी खिलाड़ी, कोच और परिवार सब शामिल होते हैं। मेरे सफर में सभी की भूमिका रही है।" डेब्यू के पल को याद करते हुए अक्षर बोले, "शुरुआत में अहसास अलग होता है। तब नहीं पता होता कि कितना हासिल करेंगे। अब 100वां मैच खेल रहा हूं तो उस भावना को शब्दों में कहना मुश्किल है। भारत के लिए एक मैच खेलना भी हर खिलाड़ी का सपना होता है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- सौरव गांगुली को 54वें जन्मदिन पर मिला स्पेशल तोहफा, आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुई एंट्री
करियर के उतार-चढ़ाव पर क्या बोले अक्षर
अपने करियर को उतार-चढ़ाव भरा बताते हुए उन्होंने कहा, "सफर रोलर-कोस्टर जैसा रहा। पहले 5-6 साल में सिर्फ 15-16 मैच खेले, लेकिन 2021 के बाद से लगातार खेल रहा हूं। हमने 2024 और 2026 में दो टी20 वर्ल्ड कप जीते। 100वें मैच में पूरी यात्रा की यादें एक साथ आ जाती हैं। यही सबसे खास पल हैं।" अक्षर के लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड से ज्यादा मेहनत मायने रखती है। उन्होंने कहा, "उपलब्धियां मेरे लिए उतनी अहम नहीं, लेकिन 100 विकेट लेना अच्छा लगता है। सालों की मेहनत, गलतियों से सीखना और प्रक्रिया पर ध्यान देना ही काम आया। हम हर दिन बेहतर होने की कोशिश करते हैं।"
