IND vs ENG Match Preview: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत का सफर आयरलैंड के बेलफास्ट की उमस और तेज हवा से शुरू हुआ। फिर टीम उत्तरी इंग्लैंड के डरहम पहुंची और अब दक्षिणी शहर साउथेम्प्टन में पांच मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला खेलेगी। सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। ब्रिटेन के छह शहरों (बेलफास्ट समेत) में एक बात कॉमन रही- टॉस में अय्यर का भाग्य साथ नहीं दे रहा। कप्तान बनने के बाद उन्हें अब तक पहली जीत का इंतजार है। 2006 में पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के बाद ये सबसे लंबा दौर है जब भारतीय टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी।
भारत बनाम इंग्लैंड मैच प्रीव्यू
हर विभाग में कमजोर रही भारतीय टीम
ओल्ड ट्रैफर्ड में हुए दूसरे मैच को छोड़ दें तो भारत का प्रदर्शन हर विभाग में कमजोर रहा। उस मैच में भी रवि बिश्नोई के 17वें ओवर ने जीत की उम्मीद तोड़ दी। नॉटिंघम में टीम का अब तक का सबसे खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जब पूरी टीम 76 रन पर सिमट गई। ब्रिस्टल में हुए चौथे मैच में भी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में टीम पिछड़ गई।
साख बचाने उतरेगा भारत
अब भारत साख बचाने के लिए मैदान में होगा। अय्यर के फैंस 0-4 की शर्मनाक हार के बजाय 1-3 से सीरीज खत्म करना पसंद करेंगे। जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज रफ्तार के सामने भारतीय बल्लेबाज संघर्ष कर रहे हैं। इनके अलावा बाएं हाथ के पेसर सैम कुरेन ने भी परेशान किया है। वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा चोटिल हैं, जबकि रवि बिश्नोई के एक ओवर में 29 रन लुटाने के बाद उनकी वापसी मुश्किल लग रही है। ऐसे में गेंदबाजी में भारत के पास विकल्प सीमित हैं।
वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है एक और मौका
बल्लेबाजी में टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को और मौके देना चाहेगा, भले ही शॉर्ट गेंदों पर वे जूझ रहे हों। संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन और जिम्बाब्वे दौरे की टीम से बाहर करने पर सवाल उठे हैं। खराब फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा की जगह ही उन्हें मौका मिल सकता है। ऐसे में इशान किशन और अय्यर को एक-एक स्थान नीचे आना होगा। किशन वैसे भी तीसरे नंबर पर खेलते हैं, उन्हें और नीचे भेजना टीम के लिए फायदेमंद नहीं होगा। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के साथ स्पिनर विल जैक्स, आदिल राशिद और लियाम डॉसन ने भी शानदार गेंदबाजी की है। इसके उलट भारतीय स्पिनर अब तक असरदार नहीं दिखे। इंग्लैंड की बल्लेबाजी में फिल साल्ट, जोस बटलर, कप्तान हैरी ब्रूक से लेकर युवा जैकब बेथेल तक ने हालात का फायदा उठाकर भारतीय गेंदबाजी को जमकर धोया है।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम कुरेन, जोश टंग, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, सन्नी बेकर, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स।
