क्रिकेट

VIDEO: फिलिस्तीन समर्थक मैदान में घुसा, Virat Kohli को गले लगाने की कोशिश, गिरफ्तार होकर बताई अपनी पहचान

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 19, 2023, 05:58 PM IST

IND vs AUS World Cup Final, Spectator enters Ground to Hug Virat Kohli: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टक्कर जारी है। भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा है। इसी बीच मैदान पर एक दर्शक अचानक घुस आया और विराट कोहली तक पहुंचकर उनको गले लगाने का प्रयास करने लगा। उसकी शर्ट पर फिलिस्तीन आजाद करो लिखा था।

Image

फिलिस्तीन समर्थक मैदान में घुसा (AP/Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया आईसीसी विश्व कप 2023 फाइनल
  • मैदान में घुसा दर्शक, विराट कोहली को गले लगाने की कोशिश
  • दर्शक की जर्सी पर लिखा था फिलिस्तीन आजाद करो

Palestine Supporter Enters Ground To Hug Virat Kohli, World Cup Final: अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी और इस दौरान एक अजीब घटना देखने को मिली। एक फिलिस्तीन समर्थक मैदान में घुस आया और विराट कोहली को गले लगाने की कोशिश की।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप फाइनल के दौरान सुरक्षा में एक बड़ी चूक हो गई। खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तभी अचानक एक दर्शक मैदान में दाखिल हो गया और पिच तक जा पहुंचा जहां उसने विराट कोहली को गले लगाने की कोशिश की। इस लड़के की शर्ट पर फिलिस्तीन को आजाद करो (Free Palestine) लिखा हुआ था। विराट कोहली गुस्से में नजर आए और इस दर्शक को झटक दिया।

तभी सुरक्षाकर्मी दौड़ लगाकर पिच तक पहुंचे और इस लड़के को खींचकर मैदान से बाहर ले गए। इस लड़के ने अपने चेहरे पर मास्क भी पहना हुआ था। विश्व कप फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐसी घटना सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाती है।

इसके बाद पुलिस ने इस लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस स्टेशन में बताया कि वो ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। उसका नाम जॉन है। उसके पिता चीनी हैं और मां फिलिपीन्स से हैं। ऑस्ट्रेलियाई शख्स से पूछताछ करने गुजरात एटीएस और क्राइम ब्रांच की टीम चांदखेड़ा पुलिस स्टेशन पहुंची।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने पहले तीन विकेट सस्ते में गंवा दिए। रोहित शर्मा ने 47 रनों की पारी खेली और वो आउट हुए, वहीं, शुभमन गिल 4 रन बनाकर आउट हुए, कुछ ही समय बाद श्रेयस अय्यर भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article