IND vs AUS World Cup 2023 Final Highlights: कंगारूओं ने फिर तोड़ा टीम इंडिया का सपना, छठवीं बार बनी चैम्पियन
IND vs AUS World Cup 2023 Final Highlights: कंगारूओं ने फिर तोड़ा टीम इंडिया का सपना, छठवीं बार बनी चैम्पियन
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया ने 50 ओवर में 240 रन पर ऑलआउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया को 241 रन का लक्ष्य दिया। विराट कोहली और केएल राहुल ने अर्धशतकीय पारी खेली। विराट कोहली ने 63 गेंदों पर 4 चौके की मदद से 54 रन बनाए। वहीं, केएल राहुल ने 107 गेंदों पर एक चौके की मदद से 66 रन बनाए। वहीं, टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वे 47 रन पर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 43 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 50 रन के अंदर तीन खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। ट्रैविस हेड मैच के हीरो रहे। उन्होंने मार्नस लाबुशेन के साथ चौथे विकेट के लिए 215 गेंदों की 192 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले गए। हेड 120 गेंदों पर 15 चौके और 4 छक्के की मदद से 137 रन की पारी खेली। भारत के जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए।
