IND vs AUS World Cup 2023 Final Playing XI: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले से पहले आज (शनिवार) भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मीडिया के सवालों के जवाब देने पहुंचे। रोहित शर्मा ने अपने ही अंदाज में कई सवालों के जवाब दिए, इसी में एक सवाल प्लेइंग-11 से जुड़ा था जिसमें अनुभवी भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के फाइनल में खेलने को लेकर सवाल हुआ।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को खेले जाने वाले विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा से जब ये पूछा गया कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि उनकी टीम के पास एडवांटेज है क्योंकि उनकी टीम में 7 खिलाड़ी ऐसे हैं जो विश्व कप 2015 फाइनल में टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसी पर रोहित शर्मा ने करारा जवाब दिया और संकेत दिए कि मुमकिन है कि अहमदाबाद में रविचंद्रन अश्विन प्लेइंग-11 में नजर आएं।
हमारे पास भी दो खिलाड़ी हैं
रोहित शर्मा ने कहा, "मुझे नहीं लगता ऑस्ट्रेलिया के पास एडवांटेज है अगर वो कहते हैं कि उनमें से कुछ खिलाड़ियों ने 2015 विश्व कप फाइनल खेला है। हम ये फाइनल काफी सालों बाद खेल रहे हैं। हमारे पास भी ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जिन्होंने अहम फाइनल्स खेले हैं। विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन 2011 विश्व कप फाइनल में थे।"
फाइनल के टीम संयोजन पर दिया ये बयान
कप्तान रोहित शर्मा ने फाइनल के टीम संयोजन के सवाल पर कहा, "सभी विकल्प खुले हैं। मैं अभी सीधे तौर पर कुछ कहना नहीं चाहूंगा। कोई भी खिलाड़ी, कहीं भी खेल सकता है। खिलाड़ियों ने अब तक अपना काम बखूबी किया है। सभी खिलाड़ियों को मौके के लिए तैयार रहना होगा।"
