ICC World Cup 2023: भारत अक्टूबर-नवंबर में आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 की मेजबानी करने जा रहा है। साल 2011 में जब भारत ने घर में विश्व कप जीता था उसकी यादें अभी भी ताजा हैं, अब टीम तकरीबन पूरी बदल चुकी है लेकिन खिताब वही है, और मेजबान भी। ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर घरेलू स्थितियों का फायदा उठाते हुए तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का पूरा प्रयास करेगी। इसी बीच विश्व कप जैसे-जैसे पास आ रहा है, उसको लेकर उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक दिलचस्प तस्वीर शेयर करके खलबली मचा दी।
शाहरुख खान (ICC- Instagram)
आईसीसी ने अपने इंस्टाग्राम क्रिकेट वर्ल्ड कप अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) विश्व कप ट्रॉफी को निहारते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ लिखा हुआ है 'किंग खान' और हाथ मिलाते हुए इमोजी बना हुआ है। इसके साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें विश्व कप की दीवानगी को दिखाया गया है। वीडियो के अंत में पहले शुभमन गिल (Shubman Gill) की झलक दिखती है और फिर शाहरुख खान विश्व कप ट्रॉफी के साथ नजर आते हैं और टूर्नामेंट को प्रमोट करते दिखते हैं।
इस वीडियो को देखने के बाद बहुत से फैंस ने अपने-अपने मतलब भी निकालने शुरू कर दिए हैं। अभी कुछ आधिकारिक नहीं हुआ है लेकिन ऐसा लगता है शाहरुख खान इस बार टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेस्डर के रूप में नजर आ सकते हैं। कई फैंस ने कमेंट्स में ऐसी ही प्रतिक्रिया दी है।
चिढ़ गए पाकिस्तानी फैंस
दूसरी तरफ तमाम पाकिस्तानी फैंस को ये वीडियो रास नहीं आया। दरअसल, इसकी वजह है कि पोस्ट किए गए वीडियो में तमाम नए-पुराने खिलाड़ियों की झलक दिखाई गई है लेकिन पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) की झलक देखने को नहीं मिल रही है। इससे पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस काफी नाराज नजर आए और आईसीसी की आलोचना की।
