स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 (Women Champions Trophy 2027) की तारीखों और वेन्यू का ऐलान कर दिया। भारत की मेजबानी में यह मेगा टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी तक मुंबई और वडोदरा शहर में खेला जाएगा। पहले इसकी मेजबानी श्रीलंका को मिल रही थी, लेकिन फिर बाद में भारत को इसकी मेजबानी दी गई।
ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तारीखों का हुआ ऐलान। फोटो- BCCI
मुंबई का क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम इस अहम टूर्नामेंट के वेन्यू होंगे। पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में दुनिया की 6 प्रमुख महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका शामिल हैं।
टॉप-2 टीमें खेलेंगी फाइनल
इन सभी 6 टीमों ने 6 जुलाई की क्वालिफिकेशन कट-ऑफ तारीख पर ICC महिला T20I टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर क्वालिफाई किया।यानी की आईसीसी रैंकिंग के हिसाब से टीमों क्वालीफिकेशन हासिल किया। चैंपियंस ट्रॉफी में ये सभी राउंड-रॉबिन लीग में मुकाबला करेंगी और टॉप-2 टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
श्रीलंका से छिनी मेजबानी
यह टूर्नामेंट मूल रूप से श्रीलंका में आयोजित होने वाला था, लेकिन अब इसे भारत में आयोजित किया जाएगा। क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट, जुलाई में ICC के सालाना सम्मेलन में बताए गए जरूरी सुधारों को लागू करने की प्रक्रिया में है। आईसीसी ने यह कदम श्रीलंका क्रिकेट के प्रशासन में सरकार के हस्तक्षेप के कारण उठाया।
भारत ने मारी मेजबानी में बाजी
ICC ने भारत को वैकल्पिक मेजबान के तौर पर चुनने से पहले तीन दावेदारों- बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका का अपने तय मेजबान मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर आकलन किया। इस फैसले को 2 सितंबर को ICC बोर्ड ने मंजूरी दी। तारीखों और वेन्यू के ऐलान होने से यह साफ हो गया कि भारत की मेजबानी में महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण खेला जाएगा।
