इस वजह से दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों पर हावी हैं वैभव सूर्यवंशी, वेस्टइंडीज के महान गेंदबाज ने बताया कारण

Ian Bishop on Vaibhav Sooryavanshi: इयान बिशप का मानना ​​है कि मजबूत मानसिक और तकनीकी क्षमताओं ने इस युवा सनसनी को आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों पर हावी होने में मदद की है।

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है और जाने-माने कमेंटेटर इयान बिशप का मानना है कि मजबूत मानसिक और तकनीकी क्षमताओं ने इस युवा सनसनी को आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों पर हावी होने में मदद की है। सूर्यवंशी ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जोश हेजलवुड जैसे कुछ बेहतरीन गेंदबाजों को पस्त कर दिया है। ’ईएसपीएनक्रिकइंफो’ के विशेषज्ञ बिशप ने मीडिया से कहा, ’’मुझे लगता है कि उनकी मानसिक बनावट इतनी मजबूत है कि वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कर सकता है। उसने जसप्रीत बुमराह का सामना किया। तकनीकी रूप से वह अपने बल्ले को घुमाने के मामले में कुछ अनोखा है, यह कुछ-कुछ बेसबॉल जैसा है।’’

Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- IPL/BCCI)

सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में कोई कमजोरी नहीं देखते इयान बिशप

बिशप ने कहा कि सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में कोई स्पष्ट कमजोरी नहीं दिखती जिसकी वजह से अनुभवी गेंदबाजों को इस 15 साल के खिलाड़ी के खिलाफ नई योजनाएं बनानी पड़ रही हैं। बिशप ने कहा, ’’यह पता लगाना बहुत मुश्किल है कि उसकी असली कमजोरी क्या है क्योंकि ’बैक ऑफ लेंथ’ (थोड़ी पीछे गिरी हुई गेंद) गेंदें उनके खिलाफ कारगर साबित हुई हैं - उदाहरण के लिए अंडर-19 विश्व कप में और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ। लेकिन अगर गेंद ’बैक ऑफ लेंथ’ (जो पुल शॉट खेलते हुए अक्सर उनके बल्ले से ऊपरी हिस्से से लगती हैं) नहीं गिरती तो वही गेंदें बाउंड्री के पार चली जाती हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’इसलिए मुझे लगता है कि तकनीकी रूप से वह बहुत अच्छी तरह से तैयार है। इस टूर्नामेंट में कई विश्व स्तरीय गेंदबाज उसके खिलाफ प्लान ए, प्लान बी, प्लान सी, प्लान ई, एफ और जी आजमा रहे हैं। और यह एक अच्छा संकेत है कि खेल के इतने सारे दिग्गज खिलाड़ी उसके खिलाफ अलग-अलग तरह की योजना बनाने पर मजबूर हो रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छी तरह से तैयार है।’’

End of Feed