Indian cricket team, WTC Final: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2023 की शुरुआत शानदार अंदाज में हुई थी। टीम इंडिया ने लगातार एक के बाद एक हर प्रारूप में सीरीज जीतीं। इसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज (बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी) भी शामिल रही। शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने अपना दम भी साबित किया और विराट कोहली जैसे दिग्गज भी लय में लौटे। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में मिली हार के बाद भारतीय टीम पर एक बार फिर सवाल उठना शुरू हो गए हैं, इसकी वजह है 2023 का बेहद महत्वपूर्ण होना और अब एक के बाद एक चोटिल हो रहे खिलाड़ियों से मुश्किलों में इजाफा होना।
साल 2023 भारत के लिए बेहद अहम इसलिए है क्योंकि इसी साल के अंत में वो आईसीसी वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। जबकि उससे पहले जून में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है। खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं और इसी बीच आईपीएल भी खेला जाना है जिसमें हर खिलाड़ी मैदान पर उतरना चाहेगा।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 चैंपियन न्यूजीलैंड
क्या है चिंता की बड़ी वजह?
खैर, वनडे विश्व कप में अभी समय है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल आईपीएल के ठीक बाद जून के शुरुआत में ही खेला जाना है। भारत पिछली बार टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल हार चुकी है, लेकिन क्या इस बार जीत पाएगा? ये सवाल इसलिए उठता है क्योंकि तीन धुरंधर अभी से टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में उतरने की दौड़ से तकरीबन बाहर हो चुके हैं।कौन हैंं वो तीन चोटिल धुरंधर?
- ऋषभ पंतः भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट टीम की जान बन गए थे। विकेट के पीछे हो या फिर आगे, दोनों ही मामलों में उन्होंने देश और विदेश में सफेद जर्सी पहनकर खूब धूम मचाई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भी विदेश (ओवल) में होना है और कार दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उपचार करा रहे पंत शायद ही इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हो पाएंगे।
- जसप्रीत बुमराहः टीम इंडिया के दिग्गज पेसर जसप्रीत बुमराह लगातार अपनी फिटनेस को लेकर परेशान रहे हैं। हाल में सर्जरी कराने के बाद वो अपनी पीठ की समस्याओं से निजात तो पाते दिख रहे हैं, लेकिन मैदान पर कब लौटेंगे ये निश्चित नहीं है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 को देखते हुए बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता और उनका भी टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेलना मुमकिन नहीं लगता। वो आईपीएल से पहले ही बाहर हो चुके हैं।
- श्रेयस अय्यरः चोटिल दिग्गजों की फेहरिस्त में सबसे ताजा नाम श्रेयस अय्यर का है। अय्यर भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे। उनको भी पीठ को लेकर शिकायत थी और अब ये साफ हो गया है कि वो भी सर्जरी कराने जा रहे हैं, यानी चार से पांच महीने तक वो मैदान से दूर रहेंगे। जिसका मतलब साफ है कि वो आईपीएल के साथ-साथ टीम इंडिया को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी अपनी सेवाएं नहीं दे पाएंगे।
टीम इंडिया की चिंताएं और बढ़ सकती हैं, ये है वजह
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरने से पहले ही भारत के तीन बड़े धुरंधर तकरीबन बाहर हो चुके हैं। लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आने वाले दिनों में चिंताएं और भी बढ़ सकती हैं और इसकी सबसे बड़ी वजह है इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023)।
rohit and virat
दो महीने तक चलने वाले इस टी20 टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को अपनी टीमों के लिए तमाम मैच खेलने होंगे और उसी के साथ चोटिल होने की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। अब देखना यही होगा कि खिलाड़ी खुद अपने कार्यभार और फिटनेस का संतुलन कैसे बनाते हैं और टेस्ट टीम के प्रमुख खिलाड़ी क्या जून तक खुद को पूरी तरह फिट रखने में सफल रहते हैं या नहीं।
