क्रिकेट

जहां शुरु हुआ वहीं खत्म! कंगारुओं के खिलाफ हार के साथ घरेलू धरती पर रुका टीम इंडिया का विजय रथ

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 23, 2023, 03:41 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 के अंतर से हार के साथ ही चार साल से चला आ रहा द्विपक्षीय घरेलू सीरीज में लगातार जीत का सिलसिला थम गया।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरा वनडे

Photo : AP

चेन्नई: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में 1-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज की शुरुआत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत के साथ की थी। लेकिन इसके बाद विशाखापट्टनम में 10 विकेट के अंतर से जीत हासिल करके सीरीज में वापसी करने में सफल रही। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चेन्नई में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 21 रन के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम कर ली। इसके साथ ही टीम इंडिया का घरेलू सरजमीं पर द्विपक्षीय सीरीज में जीत का चार साल से चल रहा सिलसिला भी थम गया।

लगातार 26 सीरीज जीतने के बाद मिली हार

पिछले चार साल में भारतीय टीम ने घरेलू धरती पर लगातार 26 द्विपक्षीय सीरीज जीती थीं। जीत का ये सिलसिला साल 2019 के वनडे विश्व कप से पहले आरोन फिंच की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ ही वनडे सीरीज में 2-3 के अंतर से हार का साथ शुरु हुआ था। उसके बाद से भारतीय टीम ने घर पर 27 द्विपक्षीय सीरीज खेली जिसमें लगातार 26 में उसे जीत मिली और अब कंगारुओं के खिलाफ 27वीं सीरीज में ये सिलसिला थम गया।

रोहित की कप्तानी में पहली बार घर पर गंवाई सीरीज

कंगारुओं के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने घर पर 14 सीरीज में कप्तानी की थी और सभी में टीम को जीत हासिल हुई थी। ऐसे में कंगारुओं के खिलाफ कप्तानी करते हुए रोहित शर्मा की टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है।

8 साल में घर पर तीसरी बार हारा भारत

टीम इंडिया ने साल 2015 से 2023 के बीच पिछले आठ साल में घरेलू सरजमीं पर केवल तीन वनडे सीरीज गंवाई है। साल 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने एमएस धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 3-2 के अंतर से मात दी थी। इसके चार साल बाद भारत को आरोन फिंच की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उसके घर पर 3-2 से हराया था और अब रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को ऑस्ट्रेलिया ने ही 2-1 के अंतर से उसके घर पर पटखनी दी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली और मौजूदा हार के बीट टीम इंडिया ने लगातार 26 सीरीज जीती।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article