आईपीएल 2024 में यदि केकेआर की टीम चैंपियन बन पाई तो उसके पीछे सुनील नरेन का बड़ा हाथ है। नरेन ने इस सीजन बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया और अपनी टीम को चैंपियन बनाने में मदद की। नरेन ने 15 मैच 34.86 की औसत और 180 की स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान एक शतक और 3 अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी का ही असर था कि केकेआर की टीम हर मैच में अच्छा स्टार्ट कर पाई। गेंदबाजी में भी नरेन ने अपनी टीम के लिए शानदार काम किया। उन्होंने 15 मैच में 6.69 की इकोनॉमी से 17 विकेट चटकाए। उन्होंने पूरे सीजन केकेआर के लिए ओपनिंग किया जिसके पीछे गौतम गंभीर की सोच थी।
गौतम गंभीर और सुनील नरेन (साभार-IPL)
गंभीर ने बताया नरेन से कैसा है रिश्ता
पूरे सीजन बिना किसी इमोशन के रहने वाले गौतम गंभीर और सुनील नरेन तीसरी बार चैंपियन बनने के बाद एक दूसरे को गले लगाते और मुस्कुराते हुए नजर आए थे। अब गंभीर ने उनको लेकर बात की है और बताया है कि इस कैरीबियाई खिलाड़ी के साथ उनका रिश्ता कैसा रहा है।
गंभीर ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत करते हुए कहा' नरेन मेरे लिए भाई के समान हैं। मैं उन्हें न एक दोस्त के तौर पर और न ही टीममेट के तौर पर देखता हूं। मैं उन्हें भाई की तरह देखता हूं। अगर उन्हें मेरी और मुझे उसकी जरूरत हो तो हम एक फोन कॉल की दूरी पर उपलब्ध हैं। हम दोनों के बीच ऐसा ही रिश्ता है जो हमने इतने सालों में कमाया है। हम न ज्यादा एक्साइटेड होते हैं और न ज्यादा इमोशन दिखाते हैं बस अपना काम करते हैं और वापस आ जाते हैं। इतना ही नहीं गंभीर ने यह भी बताया कि पहली बार नरेन ने उनसे क्या पूछा था। गंभीर ने बताया कि साल 2012 में नरेन ने पहली बार उनके अपनी गर्लफ्रैंड के बारे में पूछा था। उन्होंने पूछा था कि क्या वह अपनी गर्लफ्रैंड को ला सकते हैं।
