क्रिकेट

शुक्रिया भगवान, 15 महीने बाद टीम इंडिया की जर्सी पहनने पर पंत ने लिखा भावुक संदेश

15 महीने बाद टीम इंडिया की जर्सी पहने ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है। पंत आगामी टी20 वर्ल्ड कप के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं। टीम इंडिया 5 जून को अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अमेरिका पहुंच गए हैं। टीम इंडिया ने अभ्यास भी शुरू कर दिया है। इसी क्रम में ऋषभ पंत का एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। पंत 15 महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मे वापसी कर रहे हैं। कार दुर्घटना के कारण वह दिसंबर 2022 से मैदान से दूर थे। उन्होंने दोबारा अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए जीतोड़ मेहनत की और आईपीएल 2024 में मैदान पर वापसी की और अब वह टी20 वर्ल्ड कप के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं।

पंत ने भगवान का किया शुक्रिया

15 महीने के लंबे अंतराल के बाद पंत ने जब दोबारा टीम इंडिया की जर्सी पहनी तो वह भावुक हो गए। उन्होंने नई जर्सी के साथ अपनी एक फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा ' शुक्रिया भगवान। भारतीय जर्सी पहनना मुझे खुशी, उल्लास और गर्व से भर देता है। अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से बेहतर कोई एहसास नहीं है।

पंत ने की थी शानदार वापसी

आईपीएल 2024 में ऋषभ पंत ने मैदान पर वापसी की। उन्होंने बतौर कप्तान दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 13 मैच में 40.55 की औसत और 155.40 की स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाए। उन्होंने इस दौरन 3 अर्धशतकीय पारी खेली। अब पंत की नजर टी20 वर्ल्ड कप पर है। पंत के अलावा टीम इंडिया के स्क्वॉड में संजू सैमसन का नाम है। दोनों में से किसे प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी यह देखना दिलचस्प होगा। संजू का भी आईपीएल 2024 का सीजन शानदार रहा था। 16 मैच में संजू सैमसन ने 153 की स्ट्राइक रेट से 531 रन बनाए जो एक सीजन में उनके द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article