India World Cup 2023 Semi-Finals Scenario Explained: भारतीय क्रिकेट टीम ने आखिरकार वो कर दिखाया जिसकी दरकार थी। टीम इंडिया ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त देते हुए लगातार छठी जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ने छह जीत से 12 अंक हासिल कर लिए हैं। तो इसका मतलब क्या माना जाए कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई है, या अब भी कोई कसर बाकी है। आइए इसको समझते हैं।
क्या भारत विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंच गया? (AP)
भारत ने इंग्लैंड को मात देकर अपनी छठी जीत दर्ज की जिससे अब उसके 12 अंक हो गए हैं। आमतौर पर 12 अंक सेमीफाइनल के लिए काफी होते हैं लेकिन मौजूदा स्थिति कुछ ऐसी फंसी हुई है कि भारत सेमीफाइनल की दहलीज पर पूरी तरह पहुंच तो गया है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि तभी हो सकेगी जब भारत की एक और जीत के साथ 14 अंक हो जाएंगे। यानी 7 जीत जो सेमीफाइनल में आपका स्थान पूरी तरह से पक्का कर देता है इस फॉर्मेट में।
मामला कहां फंसा है?
दरअसल, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें इस समय अंक तालिका में पूरी तरह से जीवित हैं। श्रीलंका और अफगानिस्तान के 5-5 मैचों में 4 अंक हैं। अगर श्रीलंका और अफगानिस्तान में कोई भी अपने बाकी बचे सभी 4 मैच जीत लेता है तो उनके भी 12 अंक हो जाएंगे। वहीं अगर भारत भी कहीं अपने अगले तीनों मैच हार गया (जिसके आसार बहुत कम हैं) तो उसके भी 12 अंक ही रहेंगे। ऐसे में नेट रन रेट पर फैसला होगा कि कौन सी टीम टॉप-4 में जाएगी। यही चीज ऑस्ट्रेलिया पर भी लागू होती है, वो अभी 6 मैचों में 8 अंक हासिल कर पाए हैं, अगर वो अपने अगले दो मैच जीत लेते हैं और एक हार जाते हैं तो उनके भी 12 अंक ही रहेंगे, ऐसे में ये टक्कर कई टीमों के बीच भी हो सकती है। इसी आधार पर आधिकारिक रूप से अभी किसी भी टीम को सेमीफाइनल में जाने की मुहर नहीं मिल सकती।
भारत के अगले मैच किन टीमों से हैं?
- भारत बनाम श्रीलंका: 2 नवंबर को होगा
- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: 5 नवंबर को होगा
- भारत बनाम नीदरलैंड: 12 नवंबर को होगा
अब ऐसी स्थिति में अगर टीम इंडिया 2 नवंबर को श्रीलंका को हरा दे और अपने 14 अंक कर ले, फिर उसको टॉप-4 यानी सेमीफाइनल में जाने से कोई नहीं रोक सकता। उसके बाद के मुकाबले अगर टीम इंडिया गंवा भी दे तो उसको कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
