क्रिकेट

India World Cup 2023 Semi-Finals Scenario: क्या इंग्लैंड को हराकर भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया? यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Oct 29, 2023, 09:30 PM IST

India World Cup 2023 Semi-Finals Scenario Explained: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के एक अहम मैच में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टीम इंडिया ने वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार छठी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत के 12 अंक हो गए हैं, तो क्या वो सेमीफाइनल में पहुंच गई है, क्या कहते हैं नियम, यहां जानिए।

Image

क्या भारत विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंच गया? (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 सेमीफाइनल समीकरण
  • भारत ने वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को हराकर दर्ज की छठी जीत
  • क्या भारत अब सेमीफाइनल में पहुंच गया है?

India World Cup 2023 Semi-Finals Scenario Explained: भारतीय क्रिकेट टीम ने आखिरकार वो कर दिखाया जिसकी दरकार थी। टीम इंडिया ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त देते हुए लगातार छठी जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ने छह जीत से 12 अंक हासिल कर लिए हैं। तो इसका मतलब क्या माना जाए कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई है, या अब भी कोई कसर बाकी है। आइए इसको समझते हैं।

भारत ने इंग्लैंड को मात देकर अपनी छठी जीत दर्ज की जिससे अब उसके 12 अंक हो गए हैं। आमतौर पर 12 अंक सेमीफाइनल के लिए काफी होते हैं लेकिन मौजूदा स्थिति कुछ ऐसी फंसी हुई है कि भारत सेमीफाइनल की दहलीज पर पूरी तरह पहुंच तो गया है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि तभी हो सकेगी जब भारत की एक और जीत के साथ 14 अंक हो जाएंगे। यानी 7 जीत जो सेमीफाइनल में आपका स्थान पूरी तरह से पक्का कर देता है इस फॉर्मेट में।

मामला कहां फंसा है?

दरअसल, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें इस समय अंक तालिका में पूरी तरह से जीवित हैं। श्रीलंका और अफगानिस्तान के 5-5 मैचों में 4 अंक हैं। अगर श्रीलंका और अफगानिस्तान में कोई भी अपने बाकी बचे सभी 4 मैच जीत लेता है तो उनके भी 12 अंक हो जाएंगे। वहीं अगर भारत भी कहीं अपने अगले तीनों मैच हार गया (जिसके आसार बहुत कम हैं) तो उसके भी 12 अंक ही रहेंगे। ऐसे में नेट रन रेट पर फैसला होगा कि कौन सी टीम टॉप-4 में जाएगी। यही चीज ऑस्ट्रेलिया पर भी लागू होती है, वो अभी 6 मैचों में 8 अंक हासिल कर पाए हैं, अगर वो अपने अगले दो मैच जीत लेते हैं और एक हार जाते हैं तो उनके भी 12 अंक ही रहेंगे, ऐसे में ये टक्कर कई टीमों के बीच भी हो सकती है। इसी आधार पर आधिकारिक रूप से अभी किसी भी टीम को सेमीफाइनल में जाने की मुहर नहीं मिल सकती।

भारत के अगले मैच किन टीमों से हैं?

- भारत बनाम श्रीलंका: 2 नवंबर को होगा

- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: 5 नवंबर को होगा

- भारत बनाम नीदरलैंड: 12 नवंबर को होगा

अब ऐसी स्थिति में अगर टीम इंडिया 2 नवंबर को श्रीलंका को हरा दे और अपने 14 अंक कर ले, फिर उसको टॉप-4 यानी सेमीफाइनल में जाने से कोई नहीं रोक सकता। उसके बाद के मुकाबले अगर टीम इंडिया गंवा भी दे तो उसको कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article