Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज व्हाइट बॉल क्रिकेट ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने जून 2025 में ही वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन वह टी20 के लिए उपलब्ध थे, लेकिन जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 सेंट्रल कांट्रैक्ट में उन्हें शामिल नहीं किया तो अंदेशा हो गया था कि वह जल्द इस तरह का फैसला ले सकते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 टीम में उन्हें जगह नहीं मिली तो यह साफ हो गया था कि टीम अब उनके अलावा युवा क्रिकेटरों को तरजीह दे रही है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला खेला था जो भारत के खिलाफ था। वह आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान दिखे थे जब टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।
ग्लेन मैक्सवेल संन्यास (साभार-X)
2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने वाले मैक्सवेल ने इस टीम के लिए तीनों फॉर्मेट खेले। द बिग शो के नाम से अपनी अलग पहचान बनाने वाले मैक्सवेल को अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ मैक्सवेल ने उस मुकाबले में नाबाद 201 रन की पारी खेली और अपनी टीम को हार से निकालकर जीत तक ले गए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 3 वर्ल्ड कप में अहम रोल
ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 3 वर्ल्ड कप में अहम रोल निभाए। वह 2015 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा जब ऑस्ट्रेलिया ने साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई तो वहां भी मैक्सवेल का रोल अहम रहा।ग्लेन मैक्सवेल का क्रिकेट करियर
ग्लेन मैक्सवेल के क्रिकेट करियर की बात करें तो आंकड़े उनके स्किल्स को जस्टिफाई नहीं करते। सात टेस्ट मैचों में, उन्होंने 26.07 की औसत से 339 रन बनाए, जिसमें एक सेंचुरी शामिल रहा। उनका सर्वाधिक स्कोर 104 रन रहा। उन्होंने आठ विकेट भी झटके। हालांकि, उन्होंने अपना असली दम व्हाइट बॉल क्रिकेट में दिखाया। उन्होंने 149 मैच खेले और 33.81 के एवरेज और 126.70 के स्ट्राइक रेट से 3,990 रन बनाए। उन्होंने चार सेंचुरी और 23 हाफ-सेंचुरी लगाईं, जिसमें 201 नॉट आउट उनका सर्वश्रेष्ट स्कोर था जो अफगानिस्तान के खिलाफ चेज करते हुए आया। चेज करते हुए इस पारी को सबसे ऊपर रखा जाता है। इस पारी के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 91 रन के स्कोर पर 7 विकेट के नुकसान से 292 के टारगेट तक पहुंचाया था।
गेंदबाजी में उन्होंने 47.32 के एवरेज से 77 विकेट झटके। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 130 मैच में 28.97 की औसत से 2,897 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्धशतक जड़े। गेंदबाजी में उन्होंने 51 विकेट भी चटकाए। टी20 में सर्वाधिक शतक जड़ने के मामले में फिलहाल वह रोहित शर्मा की बराबरी पर हैं।
