IND vs ENG 2nd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 608 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है जिसे हासिल करने के लिए इंग्लैंड के पास अब केवल 106 ओवर बचे हैं और उनके हाथ में 7 विकेट ही मौजूद हैं। इस मैच में जब भारत दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही थी तो जैसे ही 500 का आंकड़ा पार हुआ हर कोई पारी घोषित होने का इंतजार कर रहा था लेकिन भारत ने ऐसा नहीं किया और लक्ष्य जब 600 पार गया जब आखिरकार घोषणा की गई। इसके बाद ये सवाल उठ रहा है कि क्या भारत ने ज्यादा देरी तो नहीं कर दी। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास से सबसे सफल रनचेज क्या रहे हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टेस्ट (फोटो- AP)
गिल का दोहरा कमाल, पहली पारी में 269 रन की धमाकेदार पारी
भारत की पहली पारी की बात करें तो शुभमन गिल ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 269 रन बनाए और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए। इंग्लैंड को शुरुआत में ही झटके लगे और टीम 87 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 300 रन की साझेदारी की और टीम को 407 रन तक पहुंचाया। इससे भारत को 180 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में भी गिल का जलवा, भारत की 427/6 पर घोषणा
दूसरी पारी में भी शुभमन गिल का बल्ला खूब बोला और उन्होंने 161 रन बनाए। इसके दम पर भारत ने 427/6 पर पारी घोषित की और इंग्लैंड के सामने 608 रन का लक्ष्य रखा। इस पारी के साथ गिल का इस मैच में कुल रन स्कोर 430 हो गया – जो भारतीय टेस्ट इतिहास में सबसे अधिक है।
क्या यह लक्ष्य सुरक्षित है? इंग्लैंड का हालिया चेज़ रिकॉर्ड डरावना है
हालांकि भारत के लिए ये बढ़िया स्थिति लग सकती है, लेकिन इंग्लैंड का हालिया रिकॉर्ड बताता है कि लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, वे पीछा करने से डरते नहीं हैं। पहले टेस्ट में उन्होंने 371 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। साल 2022 में भी इसी एजबेस्टन मैदान पर इंग्लैंड ने 378 रन का चेज़ कर भारत को चौंकाया था।
इतिहास में अब तक के सबसे बड़े सफल रन चेज़ कौन से रहे हैं?
अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ वेस्टइंडीज ने 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 418 रन का किया था। इंग्लैंड में सबसे बड़ा रन चेज़ 404 रन का है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 1948 में हेडिंग्ले में किया था। भारत के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे बड़ा रन चेज़ 378 रन का था, जो उन्होंने 2022 में इसी मैदान पर पूरा किया था। भारत ने इंग्लैंड के सामने 600 से ज्यादा का लक्ष्य रखा है जब कि टेस्ट में आज तक 500 का स्कोर भी चेज नहीं हुआ है ऐसे में भारत के लिए हार मुश्किल है।
भारत के लिए निर्णायक मौका, लॉर्ड्स से पहले बराबरी जरूरी
इस टेस्ट में भारत के पास सीरीज़ में 1-1 से बराबरी करने का सुनहरा मौका है। टीम ने पहले टेस्ट में 371 रन बचाने में असफल रही थी, लेकिन इस बार गेंदबाज़ों को अपनी रणनीति सटीक ढंग से लागू करनी होगी। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी और फ्लैट पिच के बावजूद, यह लक्ष्य इंग्लैंड पर दबाव डाल सकता है, जो भारत के पक्ष में काम आ सकता है।
