Sam Bodoano World Record: क्रिकेट में आपने बॉलर्स को लंबा रन-अप लेते तो देखा होगा, लेकिन क्या कभी किसी बॉलर को 100 किलोमीटर लंबा रन-अप लेते देखा है? इंग्लैंड के क्लब क्रिकेटर सैम बोडोआनो ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान है। उन्होंने 14 घंटे तक लगातार दौड़कर रन-अप लिया और गेंदबाजी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इंस्टाग्राम पर IronBodz के नाम से मशहूर सैम पेशे से रनिंग कंटेंट क्रिएटर भी हैं। उन्हें यह अनोखा आइडिया तब आया जब उन्होंने किसी और बॉलर का 24 किलोमीटर रन-अप लेकर बॉल डालने का रिकॉर्ड देखा।
बॉलर ने लिया 100 किमी लंबा रन-अप (फोटो साभार- ironbodz)
दुनिया का सबसे लंबा बॉलिंग रन-अप
सैम ने सोचा क्यों न इस रिकॉर्ड को 4 गुना बड़ा कर दिया जाए। इसके बाद उन्होंने तय किया कि वह लॉर्ड्स से शुरू करके अपने होम क्लब वैली एंड, वोकिंग तक रन-अप लेंगे और वहीं पहली गेंद डालेंगे। इसके बाद उन्होंने अपने हाथ में लाल गेंद लेकर सफेद क्रिकेट किट में शनिवार शाम को इंग्लैंड के टेस्ट मैच के बाद अपना रन-अप शुरू किया। वह पूरी रात लंदन की सड़कों पर अंधेरे में दौड़ते रहे। इस दौरान उनके दोस्त साइकिल पर चल रहे थे और उन्हें पानी दे रहे थे। उनके दोस्त साथ ही साथ वीडियो भी बना रहे थे।
14 घंटे तक लगातार दौड़ते रहे सैम
हालांकि, सैम के लिए यह सफर आसान नहीं था। एक क्लिप में तो वह थकान के कारण सीधा लैम्पपोस्ट में जा भिड़े और गिरते-गिरते बचे। इसके बाद वह हंसते हुए बोले, "ये अच्छा कंटेंट है, है ना।" सैम के मुताबिक इस रन-अप में तकरीबन 14 घंटे लगने वाले थे और सबसे दिलचस्प बात ये थी कि जब वह पहली बॉल डालने पहुंचे तो सामने उनके पिता बैटिंग कर रहे थे। सैम ने कहा था, "थोड़ा एक्स्ट्रा प्रेशर है, लेकिन हो सकता है मैं उन्हें आउट भी कर दूं।" 50 किलोमीटर और 8 घंटे बाकी रहते हुए भी फैंस ने उनका जमकर हौसला बढ़ाया। रविवार दोपहर 2 बजे बॉल डालने का प्लान था, लेकिन सैम समय से पहले पहुंच गए और बाद में बैटिंग में भी बड़े शॉट्स लगाए।
कैंसर पेशेंट के लिए दान किए पैसे
इस पूरे चैरिटी रन से सैम ने Ruth Strauss Foundation के लिए 3,200 पाउंड से ज्यादा जुटाए। यह चैरिटी पूर्व इंग्लैंड कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस की दिवंगत पत्नी के नाम पर है, जो कैंसर से प्रभावित परिवारों की मदद करती है। सैम ने कहा, "मुझे हमेशा से क्रिकेट और रनिंग पसंद है, तो दोनों को एक नेक काम के लिए साथ लाना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।" इससे पहले उन्होंने फुल पैड और बल्ले के साथ 5 किमी पार्क रन 20 मिनट में पूरा किया था।
