England Women Record Chase: इंग्लैंड महिला टीम ने नए युग की शानदार शुरुआत की है। स्टैंड-इन कप्तान चार्ली डीन की अगुवाई में इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ पहले वनडे में रिकॉर्ड रन चेज करके 6 विकेट से जीत दर्ज की। लेसेस्टर के ग्रेस रोड मैदान पर मंगलवार को इंग्लैंड ने 281 रन का लक्ष्य 11 ओवर से ज्यादा बाकी रहते ही हासिल कर लिया। आयरलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 281/5 का मजबूत स्कोर बनाया था। कप्तान गैबी लुईस ने 69 रन, एमी हंटर ने 62 रन और रेबेका स्टोकेल ने नाबाद 54 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से चार्ली डीन ने गेंद से सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और 44 रन देकर 2 विकेट लिए। हालांकि बाकी गेंदबाज थोड़े महंगे साबित हुए।
इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी ने मचाया धमाल
जवाब में इंग्लैंड की नई ओपनिंग जोड़ी ने धमाल मचा दिया। माइया बाउचियर और सोफिया डंकले ने पहले विकेट के लिए तूफानी साझेदारी की। दोनों ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया और उसके बाद भी रुकने का नाम नहीं लिया। माइया ने शानदार शतक जड़ा और 104 रन बनाए, जबकि सोफिया ने 73 रन की तेज पारी खेली। इंग्लैंड ने 281 का लक्ष्य सिर्फ 4 विकेट खोकर चेज कर लिया। यह इंग्लैंड महिला टीम का वनडे इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले सबसे बड़ा चेज 2023 में ब्रिस्टल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 267/8 था, जब हीथर नाइट और टैमी ब्यूमोंट ने रन बनाए थे। दोनों के रिटायरमेंट के बाद यह नई बैटिंग लाइन-अप का पहला मैच था और टीम ने खुद को साबित कर दिया।
खुश नजर आईं कप्तान चार्ली डीन
मैच के बाद कप्तान चार्ली डीन काफी खुश नजर आईं। उन्होंने कहा, "इतना बड़ा टोटल चेज करना शानदार था और जिस तरह से हमने किया, उसका क्रेडिट लड़कियों को जाता है। 50 ओवर में पावरप्ले में अटैक करना एक अच्छा ब्लूप्रिंट है। सोफिया और माइया ने कमाल किया, पावरप्ले के बाद भी स्पीड कम नहीं की। माइया का शतक असाधारण था।" हालांकि डीन ने माना कि गेंदबाजी और फील्डिंग में अभी सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "गेंद से हम थोड़ा और टाइट हो सकते थे, लेकिन जीत हासिल करना शानदार रहा। फील्डिंग में कोशिश में कोई कमी नहीं थी, लेकिन हम और बेहतर कर सकते हैं।"अब दूसरा वनडे गुरुवार को डर्बी में खेला जाएगा, जहां इंग्लैंड सीरीज सील करने उतरेगा।
