लखनऊ: जोस बटलर की कप्तानी वाली मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड का भारत की मेजबानी में खेले जा रहे विश्व कप में हाल बेहाल हो गया। रविवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टीम इंडिया के खिलाफ लो स्कोरिंग मैच में 100 रन हार के साथ ही उसका विश्व कप में पहले दौर में सफर खत्म होना सुनिश्चित हो गया। भारत के 229 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई। इंग्लैंड की 6 मैच में ये पांचवीं और लगातार चौथी हार है। साल 2019 में वनडे विश्व कप और 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाले इंग्लैंड की टीम अपने करिश्मे को बरकरार नहीं रख सकी। 6 मैच बाद ही विश्व कप 2023 से उनकी विदाई तय हो गई। क्रिकेट पंडित इंग्लैंड को खिताबी जीत का दावेदार बता रहे थे किसी ने नहीं सोचा था कि जोस बटलर की कप्तानी में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड का ऐसा बुरा हाल हो जाएगा।
जोस बटलर
6 मैच में मिली 5 में हार, गंवाए लगातार चार मैच
इंग्लैंड की टीम को अबतक खेले 6 मैच में से 1 में जीत और 5 में हार मिली है। उसके खाते में कुल 2 अंक हैं और वो अंक तालिका में सबसे निचले यानी दसवें पायदान पर काबिज है। नीदरलैंड और अफगानिस्तान जैसी टीमें विश्व कप में उलटफेर कर रही हैं वहीं मौजूदा विश्व चैंपियन इंग्लैंड सबसे शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है। अगर इंग्लैंड की टीम अपने बाकी बचे तीन मैच भी जीत लेती है तब भी सेमीफाइनल में एंट्री नहीं कर सकेगी। उसके खाते में कुल 8 अंक हो जाएंगे।
बांग्लादेश के खिलाफ नसीब हुई जीत
इंग्लैंड की टीम अबतक खेले 6 मुकाबलों में केवल बांग्लादेश को ही मात देने में सफल रही है। जो कि अंतक तालिका में उससे ऊपर नौवें पायदान पर है। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 विकेट से हार के साथ विश्व कप अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद उसे बांग्लादेश के खिलाफ 137 रन से जीत मिली। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टीम उलटफेर का शिकार हो गई। अफगानिस्तान ने 69 रन के अंतर से इंग्लैंड को रौंद दिया।
खिताबी दौड़ से 6 मैच बाद ही हुआ बाहर
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 229 रन के बड़े अंतर से हराकर मुश्किलों को बढ़ा दिया। श्रीलंका ने एक बार फिर इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप में अपने विश्व कप में विजय अभियान को जारी रखा। भारत के खिलाफ किसी भी सूरत में इंग्लैंड को जीत चाहिए थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उनके खिताब बचाने के ख्वाब को लखनऊ में धमाकेदार अंदाज में तोड़ दिया। जीत के लिए 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैड की टीम 35.4 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई और 100 रन के बड़े अंतर से मैच गंवा दिया। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने 4, जसप्रीत बुमराह ने 3 और कुलदीप यादव ने 2 विकेट चटकाए। एक सफलता रवींद्र जडेजा को मिली। इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने असहाय नजर आए।
