
Sri Lanka vs Afghanistan Highlights: अफगानिस्तान का तीसरा बड़ा उलटफेर, अब श्रीलंका को दी शिकस्त
रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी और अजमतुल्लाह उमरजई की शानदार पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने मौजूदा वर्ल्ड कप में एक और जीत हासिल की। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 30वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया। टीम की यह मौजूदा वर्ल्ड कप में तीसरी जीत है। इसी जीत के साथ टीम पॉइंट टेबल में 6 अंक के साथ 5वें नंबर पर पहुंच गई है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम 49.3 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई और अफगानिस्तान को 242 रन का लक्ष्य दिया। पथुम निसंका ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 46 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान कुसल मेंडिस ने 39 रन और सदीरा समरविक्रम ने 36 रन बनाए। अफगानिस्तान के फजल हक फरूकी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 28 गेंदें शेष रहते हुए 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रहमत शाह ने 74 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाए, जबकि हशमतुल्लाह शाहिदी ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 74 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 58 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, रन बनाए। अजमतुल्लाह उमरजई ने भी 63 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 73 रन बनाए। श्रीलंका के दिलशान मदुशंका ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए।