England vs Australia 3rd Test, Ashes Series: मेजबान इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट (ENG vs AUS 3rd Test) में दोनों टीमें जमकर जोर लगा रही हैं। मैच के दूसरे दिन काफी धमाल देखने को मिला और इसमें चमके ऑस्ट्रेलिया के दो स्टार खिलाड़ी। एक हैं मौजूदा कप्तान पैट कमिंस और दूसरे हैं पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ।
पैट कमिंस (AP)
ऑस्ट्रेलिया ने मैच की पहली पारी में 263 रन बनाए और ऑलआउट हुई। इसके बाद जब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो सिर्फ बेन स्टोक्स (80) ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी थे जिनका बल्ला चला। बाकी सभी खिलाड़ी सस्ते में आउट हुए और पूरी पारी 237 रन पर सिमट गई। इस पारी को समेटने में पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ का अहम योगदान रहा।
पैट कमिंस का धमाल
पैट कमिंस ने इंग्लैंड की पारी में धमाकेदार गेंदबाजी की और 18 ओवर 1 मेडन ओवर करते हुए 91 रन देकर 6 विकेट झटके। उनकी रफ्तार के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए। कमिंस ने बेन डकट, हैरी ब्रुक, जो रूट, मोइन अली, मार्क वुड और स्टुअर्ट ब्रॉड को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
स्टीव स्मिथ की शानदार कैचिंग, बनाया रिकॉर्ड
दूसरी तरफ फील्डिंग करते हुए पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने एक शानदार रिकॉर्ड बना डाला। स्मिथ ने इस पारी में 5 कैच लपके। इसी के साथ वो पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जिसने टेस्ट मैच की एक पारी में दो बार 5 कैच लेने का कमाल किया। आज से पहले उन्होंने ये कमाल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी किया था। इसके अलावा वो टेस्ट क्रिकेट इतिहास में ब्रायन लारा (164) को पीछे छोड़ते हुए सर्वाधिक कैच लपकने के मामले में 10वें पायदान पर आ गए हैं। स्मिथ के अब 165 कैच हो चुके हैं।
