MS Dhoni Health Update: आईपीएल 2026 में 33वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले का टॉस मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीता और चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। हालांकि, चेन्नई के फैंस को तब बड़ी निराशा हाथ लगी, जब सीएसके के प्लेइंग इलेवन में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का नाम नहीं देखा। इससे पहले चेन्नई के फैंस को उम्मीद थी कि धोनी हो सकता है कि मुंबई के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलते नजर आएं।
माइक हसी ने दिया धोनी का हेल्थ अपडेट (फोटो साभार- IPL/CSK)
चेन्नई के कोच ने दिया हेल्थ अपडेट
अब चेन्नई के कोच माइक हसी ने बीच मैच के दौरान महेंद्र सिंह धोनी का हेल्थ अपडेट दिया है। इसके साथ यह भी बताया है कि धोनी कब मैदान पर खेलते नजर आएंगे। माइक हसी ने कहा, 'धोनी की कॉफ इंजरी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। धोनी मैदान पर वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जब भी वह मैदान पर उतरेंगे बतौर विकेटकीपर ही खेलेंगे। वह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे। ऐसे में हम चाहते हैं कि वह मैदान पर मजबूती से खड़े रहें। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि वह विकेट पर भागकर रन ले सकें और वह वक्त ले रहे हैं। इसलिए उनकी वापसी में देरी हो रही है। अगले कुछ मैचों में वह मैदान पर खेलते नजर आएंगे।'
IPL शुरू होने से पहले चोटिल हो गए थे धोनी
गौरतलब है कि 28 मार्च को IPL शुरू होने के कुछ घंटे पहले धोनी मैदान पर लंगड़ाते नजर आए थे। इसके बाद वह कुछ हफ्तों के लिए CSK की टीम से बाहर हो गए थे। 44 वर्षीय धोनी अब तक सीएसके के शुरुआती 7 मैचों में नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, मंगलवार को वह वानखेड़े स्टेडियम में विकेट कीपिंग का अभ्यास करते नजर आए थे, जिससे सीएसके के फैंस को उनकी वापसी की उम्मीदें थीं। चेन्नई के प्रदर्शन की बात करें तो वह इस सीजन कुछ खास नहीं रहा है। आज से पहले टीम ने 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उसे सिर्फ दो मैचों में जीत मिली है। चेन्नई फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
