MS Dhoni and Ravindra Jadeja: आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स ने एम एस धोनी की कप्तानी में एक और शानदार खिताबी जीत को अंजाम दिया। ये सीएसके के पांचवां आईपीएल खिताब रहा जिसके साथ ही उन्होंने सर्वाधिक खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस टीम की बराबरी कर ली। टूर्नामेंट के फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अंतिम गेंद पर चौका जड़कर जीत दिलाने वाले ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच मतभेद की खबरें भी आती रहीं थी, लेकिन जब जीत के बाद दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया तो तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई। अब CSK के सीईओ ने भी इस पर सफाई दी है।
रविन्द्र जडेजा और एम एस धोनी (BCCI)
आईपीएल के लीग स्टेज के दौरान दिल्ली में खेले गए दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले में ऐसी कुछ तस्वीरें सामने आईं जिसमें लगा कि मैदान पर धोनी और जडेजा के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। धोनी जडेजा के कान में कुछ कह रहे थे और फिर सोशल मीडिया पर उन नजारों के तमाम मतलब निकाले जाने लगे और दोनों के बीच मतभेद की अफवाहें बढ़ती चली गईं। इसके बाद जडेजा के एक ट्वीट और बाद में उनकी पत्नी के एक ट्वीट के भी मतलब निकाले जाने लगे और अफवाहों की इस आग को हवा मिल गई।
अब चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत करते हुए कहा, "ये सब गेम का हिस्सा है। उस मैच के बाद लोगों ने ऑनलाइन वीडियो देखे और समझने लगे कि मैं जडेजा को समझा रहा हूं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। मैं बस उससे मैच के बारे में बात कर रहा था। हमारे बीच और कोई चर्चा नहीं हुई थी। सभी को टीम के माहौल के बारे में पता होता है कि जो कुछ ड्रेसिंग रूम में होता है, उसे बाहर नहीं जाना चाहिए। कोई समस्या नहीं है। उसके (जडेजा) दिल में धोनी के लिए हमेशा से सम्मान रहा है। फाइनल के बाद भी उसने कहा था कि- ये पारी मैं धोनी को समर्पित करता हूं। इस तरह वो धोनी का सम्मान करता है।
