स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू ने बुधवार को इंडोनेशिया के खिलाफ एशिया कप में हैट्रिक और 7 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह श्रीलंका की पहली महिला खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने महिला एशिया कप में हैट्रिक पूरी की। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 विकेट हॉल पूरा करने वाली पहली श्रीलंकाई गेंदबाज बनीं।
महिला एशिया कप में चमारी अटापट्टू ने ली हैट्रिक।
श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू ने बुधवार (2 सितंबर) को एशिया कप टी20 मैच (मेंस और महिला दोनों मिलाकर) में सात विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बनीं। बुधवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडोनेशिया के खिलाफ ग्रुप बी के मैच में श्रीलंका की ओर से अटापट्टू ने 3.3 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 5 रन देकर 7 विकेट लिए।
हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज बनी
चमारी अटापट्टू टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 विकेट हॉल लेने वाली पहली श्रीलंकाई गेंदबाज बनीं। वहीं, दूसरी कप्तान बनीं, जिन्होंने टी20I में 7 विकेट का हॉल पूरा किया है। वहीं, चमारी अटापट्टू टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाली पहली श्रीलंकाई और एशिया कप टी20 के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे बेस्ट स्पेल
9/4 (3) - लौरा कार्डोसो, ब्राजील vs लेसोथो, 2026
7/0 (3.2) - रोहमालिया रोहमालिया, इंडोनेशिया vs मंगोलिया, 2024
7/3 (4) - फ्रेडरिक ओवरडिक, नीदरलैंड vs फ्रांस, 2021
7/3 (3.4) - एलिसन स्टॉक्स, अर्जेंटीना vs पेरू, 2022
7/5 (3.3) - चमारी अटापट्टू ,श्रीलंका vs इंडोनेशिया, 2026
रचा इतिहास
एशिया कप में इससे पहले सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का पिछला रिकॉर्ड पाकिस्तान की जावेरिया खान के नाम था। जावेरिया ने 2008 में दाबुंला में बांग्लादेश के खिलाफ 6 विकेट लिए थे। अटापट्टू एशिया कप टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच (पुरुष और महिला दोनों मिलाकर) में छह या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।
उनसे पहले, महिला टूर्नामेंट में तीन पाकिस्तानी और एक थाईलैंड के गेंदबाजों ने एक मैच में पांच बल्लेबाजों को आउट करने में कामयाबी हासिल की थी। जबकि भारत के भुवनेश्वर कुमार एशिया कप के मेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय संस्करण में पांच विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं।
