क्रिकेट

Women's Asia Cup 2026: बल्लेबाजी की कमजोरी दूर करने उतरेगी टीम इंडिया, हांगकांग से मुकाबला आज

Women's Asia Cup 2026: हांगकांग के खिलाफ ये मैच भारत के लिए गलतियों को सुधारने का सबसे अच्छा मौका है। ग्रुप ए में पाकिस्तान से आखिरी लीग मैच से पहले टीम कॉम्बिनेशन सेट करना जरूरी होगा।

Image

भारत बनाम हॉन्ग कॉन्ग मैच प्रीव्यू

Women's Asia Cup 2026: सात बार की एशिया कप चैंपियन भारतीय महिला टीम जब गुरुवार को यहां महिला टी20 एशिया कप के अपने दूसरे मैच में हांगकांग से भिड़ेगी तो उसकी नजरें बल्लेबाजी की कमियों को दूर कर एक परफेक्ट प्रदर्शन पर होंगी। भारत ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रनों से तो हरा दिया, लेकिन उस जीत में भी कई सवाल छूट गए। पहले 10 ओवर में 101 रन पर 2 विकेट के साथ टीम 200 के पार जाती दिख रही थी, तभी अचानक मिडिल ऑर्डर बिखर गया। आखिरी 10 ओवर में टीम ने सिर्फ 29 रन पर 7 विकेट गंवा दिए और 159 पर सिमट गई। थाईलैंड जैसी टीम के खिलाफ ये चूक भारी नहीं पड़ी, लेकिन पाकिस्तान जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ यही कोलैप्स मैच छीन सकता है।

गलतियों को सुधारने का अच्छा मौका

हांगकांग के खिलाफ ये मैच भारत के लिए गलतियों को सुधारने का सबसे अच्छा मौका है। ग्रुप ए में पाकिस्तान से आखिरी लीग मैच से पहले टीम कॉम्बिनेशन सेट करना जरूरी होगा। पहले मैच में शेफाली वर्मा ने 64 रनों की तूफानी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। दीप्ति शर्मा ने बिना कोई रन दिए 3 विकेट लेकर महिला टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और चोटिल जेमिमा रोड्रिग्स की जगह शामिल हुईं प्रतिका रावल बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। हरमनप्रीत की फॉर्म और टी20 फ्यूचर पर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में वह रन बनाना चाहेंगी।

एशिया कप के बाद खेलना है एशियन गेम्स

एशिया कप के बाद भारत को जापान में एशियन गेम्स खेलना है और उससे पहले निराशाजनक टी20 वर्ल्ड कप अभियान के बाद लय हासिल करना बेहद जरूरी है। दूसरी तरफ हांगकांग ने पहले मैच में थाईलैंड को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन 121 के लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 रन से हार गई। हालांकि उनकी गेंदबाजी ने दम दिखाया था। तेज गेंदबाज मरीना लैम्प्लो ने 4 विकेट सिर्फ 11 रन देकर लिए थे। भारत के विस्फोटक टॉप ऑर्डर को रोकने के लिए मरीना पर फिर दारोमदार होगा। ऑलराउंडर कैरी चान ने 20 गेंद पर 28 रन बनाकर संघर्ष दिखाया था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article