क्रिकेट

कप्तान गिल ने बताया- गुरनूर बरार या प्रसिद्ध कृष्णा, पहले टेस्ट में किसे मिलेगी प्लेइंग-11 में प्राथमिकता

IND vs SL Test: पहले टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल ने भारत की प्लेइंग-11 को लेकर बड़ा हिंट दिया है। तेज गेंदबाजी में सिराज की जगह लगभग पक्की है। दूसरे तेज गेंदबाज की रेस में असली टक्कर 6 फीट 5 इंच लंबे गुरनूर बरार और 6 फीट 4 इंच लंबे प्रसिद्ध कृष्णा के बीच है।

Image

शुभमन गिल (फोटो साभार- @ShubmanGill)

IND vs SL Test: श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-11 को लेकर बड़ा हिंट दिया है। गिल ने संकेत दिया है कि मोहम्मद सिराज के साथ नई गेंद प्रसिद्ध कृष्णा साझा कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने गुरनूर बरार और प्रसिद्ध के बीच चयन को मुश्किल फैसला बताया है। भारत इस दौरे पर 3 बाएं हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के साथ उतर रहा है। तेज गेंदबाजी में सिराज की जगह लगभग पक्की है। दूसरे तेज गेंदबाज की रेस में आकिब नबी नहीं हैं। असली टक्कर 6 फुट 5 इंच लंबे गुरनूर बरार और 6 फुट 4 इंच लंबे प्रसिद्ध कृष्णा के बीच है।

कप्तान ने की प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ

पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर गिल ने कहा, "गुरनूर बरार ने पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी की है क्योंकि वह अच्छी रफ्तार से उछाल हासिल कर सकते हैं। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने पिछले कुछ समय में अच्छी गेंदबाजी की है, जैसा कि हमने अभ्यास मैच में देखा। इसलिए यह मुश्किल फैसला है।" प्रसिद्ध के पास 7 टेस्ट का अनुभव है और उनके नाम 25 विकेट हैं, जबकि गुरनूर अभी डेब्यू की कगार पर हैं। गिल ने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी युवाओं के लिए बड़ा मौका है। बुमराह घुटने की चोट के कारण इस दौरे पर नहीं हैं। गिल बोले, "बुमराह यहां नहीं हैं, लेकिन यह किसी और के लिए आगे बढ़ने का मौका है।"

साई सुदर्शन की जगह पडिक्कल को मिलेगा मौका

बल्लेबाजी में नंबर-3 पर साई सुदर्शन की जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलना तय है। सुदर्शन फिट नहीं हैं। वहीं खराब फॉर्म के बावजूद ध्रुव जुरेल को मध्यक्रम में बरकरार रखा जा सकता है। गिल ने कहा, "खिलाड़ी अपने आप आगे बढ़ेंगे। हमें उन्हें समय देना होगा। कुछ खिलाड़ियों को थोड़ा समय चाहिए।" गिल ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और टीम मैनेजमेंट के बीच अनबन की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा, "लगातार संवाद होता रहता है। दुर्भाग्य से साई सुदर्शन में उतना सुधार नहीं हुआ जितना हम चाहते थे, क्योंकि टेस्ट में हम जोखिम नहीं ले सकते। लेकिन हमें अपने 15 खिलाड़ियों पर भरोसा है।"

टेस्ट कप्तान के तौर पर एक साल पूरा कर चुके गिल ने कहा कि वह अब इस रोल में सहज हैं। उन्होंने कहा कि यह सीरीज WTC फाइनल की दौड़ में वापसी के लिए अहम है। "हमें फाइनल में पहुंचने के लिए 6 या 7 टेस्ट जीतने होंगे। हम यहीं से शुरुआत करना चाहते हैं।" यह टेस्ट भारत का 600वां टेस्ट होगा। गिल ने कहा, "600वें टेस्ट में देश की अगुआई करना और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा होना सम्मान की बात है।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article