मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि लंबे समय तक विराट कोहली के बल्ले को खामोश रख पाना संभव नहीं है और उन्होंने विराट के खराब फॉर्म को लेकर आलोचना पर भी हैरानी जताई। ली ने कहा कि कोहली जैसे लीजैंड के बल्ले को लंबे समय तक चुप नहीं रखा जा सकता। कोहली ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 82 रन बनाकर भारत को चार विकेट से जीत दिलाई।
'मुझे हैरानी होती है जब कोहली...'
ली ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे हैरानी होती है जब कोहली जैसे कद्दावर बल्लेबाज की आलोचना की जाती है। उनकी आलोचना करने वालों ने उनका रिकॉर्ड और तीनों प्रारूपों में उनका प्रदर्शन नहीं देखा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कई बार आप शतक या अर्धशतक नहीं बना पाते। पेशेवर खेल में यह चलता है। मैं इतना जानता हूं कि कोहली खेल का लीजैंड है और ऐसे खिलाड़ी लंबे समय तक खामोश नहीं रहते।’’
