Ashes 2023, ENG vs AUS, Ben Stokes: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही एशेज टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में भी मेजबान इंग्लिश टीम को हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज में 2-0 से आगे हो गई। दूसरे टेस्ट मैच में एक विवादित पल भी आया जब इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairtstow) को विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने रन आउट कर दिया। लेकिन बेरिस्टो क्रीज में कदम रखने के बाद पिच से बाहर निकले थे, जिसको लेकर तमाम तरह से सवाल उठ रहे हैं और खेल भावना भी उनमें से एक है। इसी बीच ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को भी निशाने पर लिया और उनका मजाक उड़ाया, जिस पर स्टोक्स ने करारा जवाब दिया है।
बेन स्टोक्स और स्टीव स्मिथ (AP)
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेरिस्टो जब लॉर्ड्स टेस्ट (Lord's Test) में बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी एलेक्स कैरी (Alex Carey) ने उनकी एक हल्की सी चूक का फायदा उठाते हुए विकेट बिखेर दिए। हालांकि बेरिस्टो अपना कदम पिच पर रखकर इशारा देते हुए क्रीज से बाहर निकले थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने अपील की और उनको ये विकेट मिल गया। मैच में 155 रनों की पारी खेलने वाले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भी इसको लेकर निराशा जताई थी। वहीं इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की शिकायत दर्ज कराई कि वे खेल भावना का सम्मान नहीं कर रहे हैं।
जब टीम हारी तो ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने स्टोक्स का कार्टून बनाकर उनको 'क्राय बेबी' बताया यानी वो हार के लिए बहाना खोज रहे थे। 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' (The West Australian) अखबार के इस पोस्ट पर बेन स्टोक्स ने अपने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, "ये मैं तो बिल्कुल नहीं हूं। मैं कब से नई गेंद से गेंदबाजी करने लगा।" गौरतलब है कि इस कार्टून में स्टोक्स को छोटे बच्चे के रूप में दिखाया है जिसके सामने एक नई गेंद पड़ी हुई है।
उधर, इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रैंडन मैकुलम (Brendon McCullum) ने भी जॉनी बेरिस्टो को इस तरह से आउट करने पर निराशा जताई और कहा कि ये 'स्प्रिट ऑफ गेम' (खेल भावना) को नुकसान पहुंचाएगा।
मैकुलम ने कहा, "मुझे लगता है कि ये असर डालेगा, ऐसा ही होगा। अंत में उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया, अब उनको इसके साथ ही जीना होगा। हम होते तो कुछ और करते। लेकिन यही जिंदगी है।"
